आज के समय में महिलाओं को सिस्ट की परेशानी काफी ज्यादा कॉमन हो चुकी है. ये परेशानी न सिर्फ बढ़ती उम्र की परेशानी हो गई है, बल्कि कम उम्र की महिलाएं भी ओवेरियन सिस्ट से जूझ रही हैं. हाल ही में एक 24 वर्षीय महिला की ओवरी से 25 सेंटीमीटर से बड़ी ओवेरियन सिस्ट को रोबोटिक सर्जरी से सफलतापूर्वक निकाला. सिस्ट इतनी बड़ी थी कि उसका पेट 36 सप्ताह की प्रेग्नेंसी जैसा दिखाई देने लगा था. अगर आप अंदाजा लगाएंगे, तो एक मीडियम आकार के पपीते के साइज से भी बड़ा सिस्ट था. इस केस को लीड करने वाली ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी एक्सपर्ट डॉ. अंजलि कुमार का कहना है कि चुनौती सिर्फ सिस्ट हटाने की नहीं थी, बल्कि ओवरी को सुरक्षित रखना भी उतना ही जरूरी था, ताकि फ्यूचर में मां बनने की संभावना बनी रहे.
पेट में भारपीपन से शुरू हुई थी परेशानी
बताया जा रहा है कि महिला मूल रूप से राजस्थान के भिवाड़ी की रहने वाली और फिलहाल बेंगलुरु में काम कर रही है. महिला को पिछले काफी दिनों से पेट के निचले हिस्से में भारीपन महसूस हो रहा था. जांच में ओवरी में बड़ी सिस्ट होने की आशंका सामने आई. एमआरआई और अन्य टेस्ट में सिस्ट तो दिखी, लेकिन ओवरी का स्वस्थ हिस्सा स्पष्ट रूप से नजर नहीं आ रहा था. इसी वजह से ये चिंता बनी हुई थी कि सर्जरी के दौरान ओवरी को बचाया जा सकेगा या नहीं.
सर्जरी के दौरान सामने आई बड़ी चुनौती
डॉक्टर का कहना है कि सिस्ट का आकार करीब 25 सेंटीमीटर था और उसने मरीज के पेट के बड़े हिस्से को घेर रखा था. ऐसे में नॉर्मल तरीके से सर्जरी करना आसान नहीं था. सर्जरी टीम ने रोबोटिक टेक्नीक की मदद से ओवेरियन सिस्टेक्टॉमी करने का फैसला किया.
ऑपरेशन की शुरुआत पेट के ऊपरी हिस्से में मौजूद एक ऑप्शनल एंट्री पॉइंट से की गई. पहले सिस्ट के अंदर जमा तरल पदार्थ निकाला गया, जिससे उसका आकार कम हुआ और सर्जरी के लिए पर्याप्त जगह बन सकी.
रोबोटिकटेक्नीक से बची ओवरी
रोबोटिक सर्जरी के दौरान डॉक्टरों को ओवरी के हेल्दी टिश्यूज का एक पतला हिस्सा दिखाई दिया, जो पहले की स्कैन रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं था. इसके बाद सिस्ट की बाहरी परत को सावधानी से हटाया गया और ओवरी के हेल्दी हिस्से को सुरक्षित रखा गया.
बाद में निकाले गए टिश्यूज की जांच से कैंसर रहित होने की हुई पुष्टि
डॉ. अंजलि कुमार का कहना है कि मरीज की कम उम्र को देखते हुए टीम की प्रायोरिटी सिर्फ सिस्ट निकालना नहीं, बल्कि ओवरी को बचाना भी थी. उनके मुताबिक यही इस पूरे ऑपरेशन की सबसे बड़ी चुनौती थी. डॉक्टर कहती हैं कि बड़ी ओवेरियन सिस्ट के मामलों में समय पर जांच और सही सर्जिकल प्लानिंग जरूर होती है. ऐसे मामलों में अंग को सुरक्षित रखने वाली टेक्नीक कम उम्र की महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य को बचाने में मदद कर सकती हैं.
ये भी पढ़ें - युवक के पेट से निकला 4 फीट लंबा शॉवर पाइप! चली घंटों सर्जरी, बाल-बाल बची जान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं