दिल्ली एनसीआर में सुबह उठते ही धुंध ही धुंध नजर आने लगती है. आंखें जल रही हैं, गला में खराश है, खांसी रुक ही नहीं रही. ये कोहरा नहीं है, ये प्रदूषण है. सबसे ज्यादा मार ये हमारे फेफड़ों पर डालता है. हम सांस तो लेना बंद नहीं कर सकते, लेकिन फेफड़ों को प्रदूषण से बचा जरूर सकते हैं. इसके लिए कोई महंगी दवा नहीं चाहिए. बस इन 4 आसान तरीके अपनाने हैं. तो चलिए जानते हैं प्रदूषण से फेफड़ों को कैसे बचाएं.
फेफड़ों को प्रदूषण से बचाने के उपाय-
1. मास्क पहनें-
जब भी AQI खराब हो, N95 या KN95 मास्क का इस्तेमाल करें. ये मास्क हवा में मौजूद महीन प्रदूषक कणों PM2.5 को फिल्टर करने में मदद करते हैं और फेफड़ों पर पड़ने वाले असर को कम कर सकते हैं.

2. पीक पॉल्यूशन से बचें-
प्रदूषण का लेवल अक्सर सुबह और शाम के समय ज्यादा होता है. ऐसे में मॉर्निंग वॉक या आउटडोर एक्सरसाइज की जगह घर के अंदर योगा करें. बच्चों और बुजुर्गों को सुबह के टाइम बिल्कुल भी बाहर न भेजिए.
3. हेल्दी डाइट लें-
डाइट में विटामिन सी, विटामिन ई और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर फूड शामिल करें. संतरा, अमरूद, आंवला, पालक, बादाम और अखरोट जैसी चीजें शरीर को प्रदूषण से होने वाले ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने में मदद कर सकती हैं. रात को सोने से पहले हल्दी वाला दूध पीजिए. हल्दी फेफड़ों की सूजन को कम करती है. इतना ही नहीं दिन में एक बार अदरक-तुलसी की चाय पीजिए. ये कफ को निकालती है और सांस की नली को खोलती है.
4. घर की हवा साफ रखें-
घर में धूल और धुएं को कम करने की कोशिश करें. नियमित सफाई करें, वेंटिलेशन का ध्यान रखें और अगर संभव हो तो एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें. घर में अगरबत्ती, धूपबत्ती, मच्छर वाली कॉइल, कम से कम जलाइए. घर में तुलसी, मनी प्लांट, स्नेक प्लांट, एलोवेरा जैसे पौधे लगाइए.
ये भी पढ़ें- सुबह पेट ठीक से नहीं होता साफ? वैद्य राजेश कपूर ने बताए पेट की गंदगी को साफ करने के उपाय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं