- PUC सर्टिफिकेट के नए नियम से नई गाड़ियों को राहत मिलेगी.
- पुरानी गाड़ी वालों को बार-बार सर्टिफिकेट बनाना होगा.
- आप अपनी गाड़ी की वेलिडिटी तुरंत चेक कर सकते हैं.
Check your PUC validity: सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी पीयूसी (PUC) सर्टिफिकेट की वैधता को लेकर नए नियम जारी किए हैं. नई व्यवस्था के तहत बीएस-6 मानक वाली और नई गाड़ियों के मालिकों को बार-बार पीयूसी बनवाने की परेशानी से राहत दी गई है, जबकि बीएस-4 और उससे पुरानी गाड़ियों के लिए वैधता घटाकर उन्हें ज्यादा बार जांच करानी होगी. ऐसे में सबसे पहले अपने बाइक की जांच करें आपकी गाड़ी किस मानक की है और कब रजिस्ट्रेशन करवाया है. यह सारी जानकारी आपको आपके गाड़ी के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट में मिल जाएगा.
बीएस-6 गाड़ियों के लिए क्या बदला
नए नियमों के मुताबिक, 6 साल तक पुरानी बीएस-6 निजी गाड़ियों के मालिकों को अब हर तीन साल में एक बार पीयूसी सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा. 6 से 10 साल पुरानी बीएस-6 निजी गाड़ियों के लिए यह सालाना रहेगा, जबकि 10 साल से पुरानी गाड़ियों को हर छह महीने में पीयूसी बनवाना होगा. पहले सभी बीएस-6 निजी गाड़ियों के लिए हर साल रिन्यूअल जरूरी था.
कमर्शियल यानी व्यावसायिक बीएस-6 गाड़ियों के लिए भी नियम बदले गए हैं. 6 साल तक पुरानी बीएस-6 कमर्शियल गाड़ियों को अब हर दो साल में एक बार पीयूसी रिन्यू कराना होगा. 6 से 10 साल पुरानी गाड़ियों के लिए यह सालाना और 10 साल से पुरानी कमर्शियल गाड़ियों के लिए हर छह महीने में अनिवार्य होगा. पहले इन गाड़ियों को भी हर साल सर्टिफिकेट बनवाना पड़ता था.

बीएस-4 गाड़ियां: पहले साल में एक बार रिन्यूअल होता था, लेकिन अब हर छह महीने में पीयूसी बनवाना होगा.
बीएस-1, बीएस-2 और बीएस-3 गाड़ियां: पहले छह महीने की वैधता मिलती थी, जिसे घटाकर अब तीन महीने कर दिया गया है.
पुरानी गाड़ियों पर सख्ती क्यों?
वाहन प्रदूषण को काबू में रखने के लिए पुराने वाहनों के नियमों को सख्त किया गया है. आंकड़ों के अनुसार, अकेले दिल्ली-एनसीआर में पीएम 2.5 का 14 फीसदी, कार्बन मोनोऑक्साइड का 40 फीसदी और नाइट्रोजन ऑक्साइड उत्सर्जन का 63 फीसदी हिस्सा वाहनों के धुएं से आता है. वहीं, एक बीएस-4 वाहन बीएस-6 वाहन के मुकाबले 2.7 गुना ज्यादा प्रदूषण फैलाता है.
पुरानी पीयूसी सर्टिफिकेट वालों का क्या होगा?
नए नियम लागू होने से पहले जो पीयूसी सर्टिफिकेट जारी हो चुके हैं, उन पर यह नई वैधता नियम लागू होने के बाद होने वाले पहले रिन्यूअल से मानी जाएगी. इसके अलावा, अगर आप मौजूदा पीयूसी की वैधता खत्म होने से 10 दिन पहले तक रिन्यूअल करा लेते हैं, तो नया सर्टिफिकेट पुराने की समाप्ति तिथि से लागू होगा. लेकिन अगर सर्टिफिकेट एक्सपायर होने के बाद रिन्यूअल कराया जाता है, तो नई वैधता उसी दिन से गिनी जाएगी जिस दिन नया सर्टिफिकेट बनेगा.
यह भी पढ़ें | दिल्ली में आज हजारों शादी, साउथ दिल्ली-गुरुग्राम से द्वारका तक ट्रैफिक अलर्ट, दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं