फलों और सब्जियों को हम लंबे समय तक फ्रेश रखने के लिए फ्रिज में रख देते हैं. कुछ फलों के लिए ये तरीका सही भी हो सकता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ ऐसे फल भी हैं, जिन्हे फ्रिज में बिल्कुल भी नहीं रखना चाहिए. अगर आप ऐसा करते हैं, तो इससे उन फलों की फ्रेशनेस और टेक्सचर खराब हो सकती है. यहां हम आपको ऐसे फलों की लिस्ट बताने जा रहे हैं, जिसे फ्रिज में रखने से बचना चाहिए. यहां जानते हैं किन फलों को फ्रिज में नहीं रखना चाहिए?
फ्रिज में न रखें केला
अगर आप केले को भी फ्रिज में रखते हैं, तो ये आपकी एक बड़ी गलती हो सकती है. दरअसल, जब आप केले को फ्रिज में रखते हैं, तो इसके छिलके काले पड़ जाते हैं. वहीं, अदर से केले का पकता नहीं है. केले को अगर आप कमरे के नॉर्मल तापमान पर रखते हैं, तो इसका स्वाद मीठा और पहले से बेहतर होता है.
आम भी फ्रिज में रखने से बचें
फ्रिज में कच्चा और पका दोनों ही तरह का आम रखने से बचना चाहिए. दरअसल, ठंडे वातावरण आम के प्राकृतिक रूप से पकने की प्रक्रिया को धीमा कर देता है, जिससे उसका स्वाद और खुशबू पूरी तरह विकसित नहीं हो पाती. आम के पूरी तरह पक जाने के बाद ही उसे कुछ दिनों के लिए फ्रिज में रखा जा सकता है.
पपीता भी फ्रिज में न रखें
पपीता भी ऐसा फल है, जो कमरे के तापमान पर बेहतर तरीके से पकता है. कच्चे या अधपके पपीते को फ्रिज में रखने से उसका स्वाद और रस कम हो सकता है. ऐसे में जब पपीता अच्छे से पक जाए, तब ही इसे फ्रिज में रखें.
फ्रिज में न रखें पाइनएप्पल
फ्रिज में पाइनएप्पल को भी रखने से बचना चाहिए. दरअसल, जब आप इसे फ्रिज में रखते हैं, तो इससे इसकी मिठास और रस में कमी आ सकती है. हालांकि, कटने के बाद इसे खराब होने से बचाने के लिए फ्रिज में जरूर रखना चाहिए.
आड़ू, आलूबुखारा और चेरी
फ्रिज में आड़ू, चेरी और आलूबुखारा जैसे फलों को नहीं रखना चाहिए. अगर आप इन्हें फ्रिज में रखते हैं, तो इनकी बनावट मैली हो सकती है और स्वाद भी कम हो सकता है. इन्हें पहले सामान्य तापमान पर पकने दें, फिर जरूरत पड़ने पर ही फ्रिज में रखें.
ये भी पढ़ें - फ्रिज में रखे हुए आटे की खाते हैं रोटी? जान लें कितनी देर बाद गूंथा आटा हो जाता है खराब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं