विज्ञापन

दुनिया की सबसे खूबसूरत ब्रेड? जानिए उज्बेकिस्तान की खास 'नॉन' की कहानी

उज्बेकिस्तान की ट्रेडिशनल नान की खुशबू और डिज़ाइन ने लूट लिया अंकिता कुमार का दिल, वीडियो देखते ही देखते हुआ वायरल.

दुनिया की सबसे खूबसूरत ब्रेड? जानिए उज्बेकिस्तान की खास 'नॉन' की कहानी
उज़्बेकिस्तान की अनोखी नॉन
NDTV

दुनिया के हर कोने में खान-पान का अपना अलग अंदाज होता है, लेकिन कुछ स्वाद ऐसे होते हैं जो सीधे वहां  की संस्कृति और परंपरा से दिल का रिश्ता जोड़ देते हैं. जब हम सफर पर निकलते हैं, तो केवल खूबसूरत नज़ारे या इमारतें ही नहीं, बल्कि वहां की गलियों में घुली ताज़ी पकती रोटियों की खुशबू भी यादों का हिस्सा बन जाती है.

उज्बेकिस्तान की नॉन रोटी की खास बात क्या है?

उज्बेकिस्तान में रोटी सिर्फ एक खाना नहीं, बल्कि उनकी मेहमाननवाज़ी और कला का एक बेहद खास प्रतीक है. यहां की पारंपरिक गोल रोटी को 'नॉन' कहा जाता है. मिट्टी के सुलगते तंदूर में पकने वाली इस रोटी को जब बेक किया जाता है, तो इसकी खुशबू दूर-दूर तक फैल जाती है. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि तंदूर में डालने से पहले कारीगर आटे के ऊपर हाथों से बहुत ही सुंदर और बारीक नक्काशीदार डिजाइन बनाते हैं, जिससे यह खाने से ज्यादा देखने में एक खूबसूरत लगती है.

इसी अनूठे स्वाद और खूबसूरती का अहसास करने हाल ही में मशहूर कंटेंट क्रिएटर अंकिता कुमार उज्बेकिस्तान पहुंची. अपनी यात्रा के दौरान जब उन्होंने इस पारंपरिक नॉन को पहली बार बनते और पकते देखा, तो वे इसकी मुरीद हो गईं. उन्होंने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर इस खास पल का एक दिलचस्प वीडियो शेयर किया. 

वीडियो में ताजा-ताजा बेक होकर बाहर आ रही रोटी को देखकर अंकिता की खुशी साफ झलक रही थी.  वे इतनी अभिभूत हो गईं कि उन्होंने इसे बेझिझक दुनिया की सबसे खूबसूरत रोटी करार दिया. तंदूर से निकलती गर्म रोटी के पास जाते ही उन्होंने बताया कि इसकी सोंधी और ताज़ी खुशबू हवा में घुली हुई है, जो किसी का भी दिल ललचा सकती है. 

इस रोटी को कैसे बनाया जाता है?

अपनी इस यात्रा के अनुभवों को साझा करते हुए अंकिता ने एक बेहद दिलचस्प बात बताई. उज्बेकिस्तान में रोटी की बनावट और डिजाइन सिर्फ सजावट के लिए नहीं होते. वहां के अलग-अलग शहरों और इलाकों की अपनी एक खास पहचान और स्टाइल होता है. कोई भी जानकार इंसान रोटी पर बने अनोखे पैटर्न को देखकर आसानी से बता सकता है कि वह किस शहर की मशहूर नॉन है. इन सुंदर आकृतियों को बनाने के लिए वहां के कारीगर एक विशेष पारंपरिक लकड़ी के ठप्पे (स्टैम्प) का इस्तेमाल करते हैं, जिसे स्थानीय भाषा में 'चेकिच' (Chekich) कहा जाता है. आटे को तंदूर में चिपकाने से ठीक पहले चेकिच से दबाकर उस पर यह कलाकारी उकेरी जाती है.

लोगों का क्या कहना है?

सोशल मीडिया पर यह वीडियो आते ही तेज़ी से वायरल हो गया और लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचने लगा.  कमेंट सेक्शन में यूज़र्स अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएँ देने लगे. किसी ने रोटी के इस खूबसूरत लुक की तारीफ करते हुए कहा कि यह वाकई देखने में बेहद लाजवाब है, तो किसी ने मज़ाकिया अंदाज़ में लिखा कि उनका मन हर शहर की एक-एक रोटी चखने का कर रहा है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food, Uzbek Bread, Uzbek Culture, Chekich Stamps, Uzbeki Food
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com