अक्टूबर-नंबवर में चारों ओर गुड़हल के फूलों की बहार होती है. ये फूल न सिर्फ देखने में सुंदर होते हैं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी हो सकते हैं. आयुर्वेद में इसे औषधीय गुणों का भंडार माना जाता है. आमतौर पर लोग इसे पूजा-पाठ या बालों की देखभाल के लिए इस्तेमाल करते हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि सुबह खाली पेट गुड़हल का फूल खाने से हमारे शरीर को कई फायदे हो सकते हैं. इसमें एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन सी, फ्लेवोनॉयड्स और कई अन्य पोषक तत्व भरपूर रूप से पाए जाते हैं, जो हमारे शरीर को हेल्दी बनाए रखने में प्रभावी हो सकता है. यहां जानते हैं सुबह खाली पेट गुड़हल के फूलों का सेवन करने से क्या होता है?
इम्यूनिटी होती है मजबूत
गुड़हल का फूल विटामिन सी का अच्छा स्रोत माना जाता है. इसे खाली पेट खाने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर हो सकती है. मौसम बदलने पर होने वाली सामान्य सर्दी-जुकाम और संक्रमण से बचाव में भी यह सहायक माना जाता है.
ब्लड प्रेशर करे कंट्रोल
रिसर्च में पाया गया है कि अगर आप नियमित रूप से गुड़हल का सेवन करते हैं, तो इसमें मौजूद तत्व आपके ब्लड वेसेल्स को आराम देता है. इसी वजह से इसके सेवन से आपका ब्लड प्रेशर कंट्रोल हो सकता है. हालांकिं, इस बात का ध्यान रखें कि अगर आप पहले से ब्लड प्रेशर की दवा ले रहे हैं, तो डॉक्टर की सलाह जरूर लें.
वजन घटाने में कर सकता है मदद
सुबह खाली पेट गुड़हल का फूल खाने या इसकी चाय पीने से मेटाबॉलिज्म बेहतर हो सकता है. इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर में जमा अतिरिक्त चर्बी को कम करने की प्रक्रिया को सपोर्ट कर सकते हैं. यही कारण है कि कई लोग वजन प्रबंधन के लिए इसे अपनी डाइट का हिस्सा बनाते हैं.
पाचन तंत्र को रखे दुरुस्त
अगर आपको अक्सर कब्ज, गैस या अपच की समस्या रहती है तो गुड़हल का फूल लाभ पहुंचा सकता है. यह पाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने और आंतों की कार्यक्षमता को सुधारने में मदद कर सकता है. खाली पेट इसका सेवन करने से पेट हल्का महसूस हो सकता है.
स्किन और बालों के लिए है हेल्दी
गुड़हल में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट त्वचा को फ्री रैडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं. नियमित सेवन से त्वचा में प्राकृतिक चमक आ सकती है. साथ ही, यह बालों की जड़ों को पोषण देने में भी सहायक माना जाता है.
ये भी पढ़ें - कोलेस्ट्रॉल कम करने से लेकर वजन घटाने तक, सेहत के लिए वरदान गुड़हल की चाय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं