- दनकौर इंटरचेंज 25 दिसंबर को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा.
- इंटरचेंज का निर्माण कार्य 7 दिसंबर तक पूरा होने के बाद ट्रायल शुरू होगा.
- इंटरचेंज से ग्रेटर नोएडा सहित समूचे एनसीआर को सीधा लाभ मिलेगा.
यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे को आपस में जोड़ने वाला बहुप्रतीक्षित दनकौर इंटरचेंज 25 दिसंबर को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के चेयरमैन संतोष यादव के अनुसार, इंटरचेंज का निर्माण कार्य 7 दिसंबर तक पूरा हो जाएगा और ट्रायल के बाद 25 दिसंबर को इसे यातायात के लिए चालू कर दिया जाएगा. 15 ट्रायल के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका विधिवत उद्घाटन किया जाएगा.
परियोजना की खास बात
एनएचएआई द्वारा तैयार इस महत्वपूर्ण इंटरचेंज से ग्रेटर नोएडा सहित समूचे एनसीआर को सीधा लाभ मिलेगा. इंटरचेंज को यमुना सिटी की 60 मीटर चौड़ी सड़क से जोड़ा गया है, जिससे यमुना सिटी की सीधी कनेक्टिविटी पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से हो जाएगी. साथ ही यमुना सिटी में प्रॉपर्टी और निवेश को भी नई रफ्तार मिलेगी. इसके निर्माण में करीब 400 करोड़ रुपये की लागत आई है. इसमें 11 किलोमीटर लंबाई के 4 लूप और 8 रैंप प्लाजा हैं.
जेवर एयरपोर्ट और एनसीआर के शहरों को बड़ा फायदा
अब तक दोनों एक्सप्रेसवे का सीधा जुड़ाव न होने से वाहन चालकों को सिरसा टोल पर उतरकर सर्विस रोड और ग्रामीण रास्तों से करीब 15 से 20 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता था. इंटरचेंज खुलने से यह दूरी खत्म हो जाएगी. आगरा और मथुरा की ओर से आने वाला ट्रैफिक शहर में प्रवेश किए बिना सीधे पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के रास्ते पलवल, फरीदाबाद और गाजियाबाद की तरफ निकल सकेगा.
जेवर स्थित नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना बेहद सुगम हो जाएगा. गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, मेरठ, अमरोहा, मुरादाबाद, पलवल, फरीदाबाद और सोनीपत आदि शहरों के यात्री पेरिफेरल के जरिए सीधे यमुना एक्सप्रेसवे पर चढ़कर कम समय में एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे.
शहर के अंदर जाम से मिलेगी निजात
भारी वाहनों और लंबी दूरी के ट्रैफिक के शहर के बाहर-बाहर निकल जाने से ग्रेटर नोएडा, दनकौर, जेवर और परी चौक पर लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी. इससे वाहनों के बार-बार रुकने की समस्या कम होगी, ईंधन की बचत होगी और प्रदूषण में भी कमी आएगी. साथ ही, बेहतर कनेक्टिविटी से यमुना सिटी में प्रॉपर्टी और निवेश को भी नई गति मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें | दिल्ली में बनेगा तीसरा रिंग रोड, 121 करोड़ से बनेगा सर्विस रोड, अलीपुर से महिपालपुर तक मिलेगी हाईस्पीड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं