क्या आपको भी उबला अंडा छीलना एक टेंशन लगती है. क्योंकि कभी-कभी अंडा ऐसा छिलता है कि आधा सफेद हिस्सा ही छिलके के साथ निकल जाता है. अंडा टूटा-फूटा सा दिखता है. बच्चे तो ऐसा अंडा देखकर ही खाने से मना कर देते हैं और सुबह-सुबह टिफिन के लिए जल्दी हो, तो ये परेशानी और बढ़ जाती है. असल में गलती आपके छीलने में नहीं है. ये साइंस है थर्मल शॉक और pH का खेल है. बड़े होटल के शेफ भी यही ट्रिक इस्तेमाल करते हैं. आज हम आपको 3 आसान ट्रिक बता रहे हैं, जिससे अंडे का छिलका झटपट निकल आएगा, अंडा एकदम चिकना और साबुत निकलेगा. तो चलिए जानते हैं वो आसान तरीके.
अंडे को छीलने के तरीके- (Ande Ko Kaise Chile)
1. पहली ट्रिक- उबलते पानी में डालिए अंडा-
हम सब सबसे बड़ी गलती यही करते हैं. ठंडे पानी में अंडा रखकर गैस पर चढ़ा देते हैं. इससे अंडा धीरे-धीरे गरम होता है. सफेद हिस्सा छिलके के अंदर वाली झिल्ली से चिपक जाता है. फिर छीलने पर वो झिल्ली के साथ ही उखड़ जाता है. कभी भी अंडे को ठंडे पानी में मत रखिए. पहले पानी को उबालिए. जब पानी 100 डिग्री पर खूब उबलने लगे, तब अंडे को धीरे से उसमें डालिए. चम्मच से डालिए, हाथ से मत डालिए, नहीं तो हाथ जल जाएगा, और अंडा फूट भी जाएगा. उबलते पानी में डालने से क्या होता है? अंडे के बाहरी सफेद हिस्से का प्रोटीन तेजी से सिकुड़ जाता है. वो अंदर की झिल्ली से अलग हो जाता है. बस, यही थर्मल शॉक है. इसी से अंडा बाद में आसानी से छिलता है. उबलते पानी में अंडे को 9-10 मिनट तक उबालिए. अगर आपको आधा उबला अंडा चाहिए, तो 6-7 मिनट काफी है.
वीडियो के लिए यहां क्लिक करें-

2. दूसरी ट्रिक- पानी में डालिए आधा चम्मच बेकिंग सोडा-
पानी में आधा चम्मच बेकिंग सोडा डाल दीजिए. बेकिंग सोडा पानी का pH 8.5 से ऊपर कर देता है. इससे अंडे के सफेद हिस्से और झिल्ली के बीच का बॉन्ड कमजोर हो जाता है. छिलका आसानी से अलग हो जाता है और हां, बेकिंग सोडा से अंडे के स्वाद पर कोई फर्क नहीं पड़ता. अंडा एकदम नॉर्मल ही लगता है. अगर घर में बेकिंग सोडा नहीं है, तो थोड़ा सा सिरका भी डाल सकते हैं.
3. तीसरी ट्रिक- बर्फ के पानी में डालिए, फिर डिब्बे में हिलाइए-
एक बाउल में बर्फ वाला ठंडा पानी रखिए. उबले अंडे को उसी में डाल दीजिए. 5 मिनट के लिए छोड़ दीजिए. इससे क्या होता है? अंडे के अंदर की भाप ठंडी होकर सिकुड़ जाती है. छिलके और सफेद हिस्से के बीच में जगह बन जाती है. छिलका अपने आप अलग होने लगता है. अब अंडे को एक छोटे डिब्बे में डालिए. उसमें थोड़ा सा पानी डालिए. डिब्बे का ढक्कन बंद करके 5-6 बार हल्के से हिलाइए. बस, डिब्बा खोलकर देखिए, छिलका टूट-टूटकर अलग हो गया होगा. अब अंडे को हाथ से छीलिए, छिलका एक ही बार में निकल आएगा.
ये भी पढ़ें- राजस्थानी बाजरे की बाटी कैसे बनाएं? जानें बाटी बनाने का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं