राजस्थान की रसोई अपने अनोखे स्वाद और देसी अंदाज के लिए जानी जाती है. यहां कुछ पकवान और डिशेज ऐसे होते हैं जो खास अवसरों या खास मेहमानों के लिए ही बनाए जाते हैं. ऐसी ही एक खास डिश है सूखा नारियल की सब्जी, जिसे कई राजस्थानी परिवारों में खासतौर से जमाई सा के स्वागत के लिए तैयार किया जाता है, भरपूर घी, देसी मसालों और खोपरे के अनोखे स्वाद से बनी ये सब्जी खाने में बेहद लाजवाब लगती है. इसी कड़ी में आज हम आपको ये सब्जी बनाने की रेसिपी बताने जा रहे हैं. इसकी जानकारी इंस्टाग्राम पर @savitazzz_rasoi नाम के हैंडल से शेयर की गई है.
राजस्थानी खोपरा की सब्जी बनाने की सामग्री
- 2-3 सूखे खोपरे (नारियल)
- 4-5 लहसुन की कलियां
- 1 बड़ा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 बड़ा चम्मच धनिया पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- नमक
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1 छोटा चम्मच राई
- 4-5 बड़े चम्मच घी
- 1 गिलास पानी
- 1-2 छोटा चम्मच गुड़
कैसे बनाएं?
सबसे पहले सूखे खोपरे यानी नारियल को दरदरा कूट लें. पहले के समय में महिलाएं इसे हमाम-दस्ते में हाथ से कूटती थीं, लेकिन आजकल समय बचाने के लिए मिक्सर का इस्तेमाल किया जा सकता है.
अब एक कटोरे में कुटी हुई लहसुन, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर और नमक डालें. इसमें थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा मसाला पेस्ट तैयार कर लें.
इसके बाद कड़ाही में भरपूर मात्रा में घी गर्म करें. घी गर्म होने पर उसमें जीरा और राई डालकर तड़काएं. अब तैयार मसाला पेस्ट डालें और धीमी आंच पर तब तक भूनें, जब तक मसाले अच्छी तरह पक न जाएं और घी अलग दिखाई देने लगे.
अब इसमें दरदरा कूटा हुआ खोपरा डालकर अच्छी तरह मिला लें. एक गिलास पानी डालें, कड़ाही को ढक दें और सब्जी को धीमी आंच पर पकने दें. जब नारियल मसालों का स्वाद अच्छी तरह सोख ले, तब इसमें थोड़ा सा गुड़ डाल दें. कुछ देर और पकाएं. सब्जी पूरी तरह तैयार होने पर घी ऊपर तैरता हुआ दिखाई देगा, जो इस डिश की खास पहचान है.
परोसने का तरीका
राजस्थानी खोपरा की ये स्वादिष्ट सब्जी बाजरे की रोटी, मिस्सी रोटी या गेहूं की फूली हुई रोटियों के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है. खास मेहमानों और पारिवारिक आयोजनों में इसे परोसकर आप पारंपरिक राजस्थानी स्वाद का आनंद ले सकते हैं.
क्या है इस सब्जी का नाम?
इस सब्जी को आम भाषा में नारियल की सब्जी कहा जाता है. वहीं, राजस्थान में कुछ लोग इसे चिटकां रो साग या खोपरे की सब्जी भी कहते हैं.
यह भी पढ़ें: कुकर में 2 सीटी लगाकर बन जाएंगे रसगुल्ले, पढ़ें 20 मिनट में रसगुल्ले बनाने की सबसे आसान रेसिपी
यह भी पढ़ें: राजस्थानी बाजरे की बाटी कैसे बनाएं? जानें बाटी बनाने का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं