भारतीय रसोई में गरम मसाले का इस्तेमाल लगभग रोज ही होता है. सब्जी हो, दाल हो या फिर कोई खास डिश, थोड़ा सा गरम मसाला खाने के स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ा देता है. अब, आमतौर पर लोग बाजार से गरम मसाला खरीदकर इस्तेमाल करते हैं, लेकिन आप चाहें, तो इसे घर पर भी बड़ी ही आसानी से बना सकते हैं. घर पर बना गरम मसाला न केवल स्वाद में बेहतर होता है, बल्कि इसकी खुशबू भी अलग होती है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा मेहनत करने की भी जरूरत नहीं है. फूड कंटेंट क्रिएटर और होम शेफ श्रुति महाजन ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर घर पर गरम मसाला बनाने की आसान रेसिपी शेयर की है. श्रुति कहती हैं कि इस मसाले का स्वाद बाजार वाले मसाले से कही ज्यादा अच्छा लगता है, साथ ही ये खाने में एक अलग खुशबू भी जोड़ देता है. तो आइए जानते हैं घर पर कैसे बनाएं गरम मसाला-
चाहिए होंगी ये चीजें-
गरम मसाला बनाने के लिए आपको
- 5 बड़े चम्मच धनिया के बीज
- 1 बड़ा चम्मच जीरा
- 1 छोटा चम्मच शाही जीरा
- 1 बड़ा चम्मच काली मिर्च
- 5 लौंग
- 1 जावित्री
- 1 चक्र फूल
- 1 पत्थर फूल
- 2 छोटी इलायची
- 6 हरी इलायची
- आधा जायफल
- दालचीनी के 3 टुकड़े
- 3 सूखी लाल मिर्च
- 2 छोटे चम्मच हल्दी पाउडर
- आधा छोटा चम्मच खसखस
- 2 तेजपत्ता
- आधा छोटा चम्मच सौंफ
- 1 छोटा चम्मच नमक
- चुटकी भर हींग और
- 1 बड़ा चम्मच कसूरी मेथी की जरूरत होगी.
- सबसे पहले एक कड़ाही गर्म करें और उसमें सभी साबुत मसाले डालकर धीमी आंच पर भूनें. मसालों को लगातार चलाते रहें, ताकि वे जलें नहीं.
- जब मसालों से अच्छी खुशबू आने लगे, तब गैस बंद कर दें.
- अब, इन्हें एक प्लेट में निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें.
- इसके बाद इसमें हल्दी पाउडर, नमक, हींग और कसूरी मेथी मिलाएं.
- अब, सभी चीजों को मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें.
- इतना करते ही आपका घर का बना खुशबूदार गरम मसाला तैयार हो जाएगा.
तैयार मसाले को हमेशा साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें. आपको इसे नमी से बचाना है. मसाले में नमी जाने से इसकी खुशबू चली जाती है, साथ ही मसाले का टेस्ट भी खराब हो जाता है. साथ ही आपको इस मसाले को खाने में बहुत ज्यादा नहीं डालना है. आमतौर पर सब्जी बनाते समय केवल आधा छोटा चम्मच ये मसाला डालना काफी होता है.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- मूली की चटनी कैसे बनाएं? जानें चटपटी चटनी बनाने की आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं