विज्ञापन

घर पर बाजार जैसी स्वादिष्ट टॉफी कैसे बनाएं? जानें स्वाद और सेहत से भरपूर बादाम Toffee बनाने की आसान रेसिपी

बाजार की महंगी टॉफी छोड़िए, सिर्फ 3 चीजों से बनाएं बादाम की क्रंची टॉफी, बच्चे से लेकर बड़े तक करेंगे पसंद.

घर पर बाजार जैसी स्वादिष्ट टॉफी कैसे बनाएं? जानें स्वाद और सेहत से भरपूर बादाम Toffee बनाने की आसान रेसिपी
बादाम टॉफी कैसे बनाएं.
NDTV

बच्चे हों या बड़े, टॉफी का नाम सुनते ही खाने के लिए बेताब होने लगते हैं. लेकिन बाजार वाली टॉफी में क्या पड़ा है, ये कोई नहीं जानता. कितना केमिकल, कितना कलर, कितना प्रिजर्वेटिव. इसीलिए बच्चे को टॉफी देते समय मन में डर सा रहता है, तो क्यों न इस बार घर पर ही बाजार जैसी टॉफी बना ली जाए? वो भी सिर्फ 3 चीजों से. बादाम, चीनी और तिल. इस रेसिपी को हाल ही में इंस्टाग्राम (my_kitchenn_diaries) पर शेयर किया गया है, तो चलिए जानते हैं इसे झटपट बनाने की आसान रेसिपी.

बादाम टॉफी खाने के फायदे-

  • बादाम- दिमाग तेज करता है, याददाश्त बढ़ाता है, हड्डियां मजबूत करता है. सर्दियों में बादाम शरीर को गरम रखता है.
  • तिल- तिल में कैल्शियम, आयरन भरपूर होता है. सर्दियों में तिल खाने से जोड़ों का दर्द कम होता है, बाल मजबूत होते हैं.
  • बटर- थोड़ा सा मक्खन शरीर को एनर्जी देता है. बाजार वाली टॉफी से तो ये लाख गुना अच्छी है. इसमें न कोई केमिकल है, न कोई कलर. बच्चे को स्कूल के टिफिन में भी दे सकते हैं.

यहां देखें वीडियो-

कैसे बनाएं बादाम टॉफी- (How To Make Almond Toffee)

सामग्री-

  • बादाम- 1 कप 
  • चीनी- आधा कप
  • बटर- 1 चम्मच
  • भुने हुए सफेद तिल- 1/4 कप

विधि-

  1. एक मोटे तले वाली कढ़ाई या पैन लीजिए. आंच धीमी रखिए. उसमें 1 कप बादाम डालकर 3-4 मिनट तक भूनिए. बादाम को चलाते रहिए, नहीं तो एक तरफ से जल जाएगा. जब बादाम से हल्की-हल्की खुशबू आने लगे, समझ जाइए भुन गया. 
  2. अब इसी पैन में आधा कप चीनी डाल दीजिए. आंच धीमी ही रखिए. अब सबसे जरूरी काम है, चलाते रहना. पहले चीनी पिघलेगी, फिर धीरे-धीरे उसका रंग गोल्डन होने लगेगा, यही कैरामल है. इसी से टॉफी में वो बाजार वाला स्वाद आएगा.ॉ
  3. चीनी को जलाइए मत. अगर चीनी काली पड़ गई, तो टॉफी कड़वी हो जाएगी. जैसे ही चीनी पूरी तरह पिघलकर बादाम पर चिपक जाए, समझिए हो गया.
  4. अब इसमें 1 चम्मच मक्खन डालिए. बटर डालते ही टॉफी में चमक आ जाएगी, और खुशबू भी बढ़िया आएगी. 
  5. बटर को बादाम में अच्छी तरह मिला दीजिए. गैस बंद कर दीजिए. 
  6. अब जल्दी करना है, क्योंकि कैरामल ठंडा होते ही जमने लगता है. एक थाली में बटर पेपर बिछाइए. उस पर भुने हुए सफेद तिल फैला दीजिए. 
  7. अब गरम-गरम बादाम को तिल के ऊपर डाल दीजिए. बटर पेपर को दोनों तरफ से उठाकर बादाम को तिल में अच्छी तरह लपेट दीजिए. जैसे वीडियो में दिखाया है, पेपर को मोड़कर हिलाइए, सारा तिल बादाम पर चिपक जाएगा.
  8. अगर बटर पेपर नहीं है, तो थाली में थोड़ा सा घी लगाकर भी कर सकते हैं. अब इसको 5-7 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दीजिए. 
  9. ठंडा होते ही बादाम एक-दूसरे से अलग हो जाएंगे और क्रंची हो जाएंगे. बस, हो गई आपकी घर वाली बादाम टॉफी तैयार.

ये भी पढ़ें- इस सर्दी मूली के पराठे नहीं, बनाएं मूली और चावल के आटे की पूड़ी, जानें मुरौरी बनाने का पारंपरिक तरीका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Toffee Recipe, Almond Sweets, Til Recipe, Homemade Sweets
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com