विज्ञापन

इस सर्दी मूली के पराठे नहीं, बनाएं मूली और चावल के आटे की पूड़ी, जानें मुरौरी बनाने का पारंपरिक तरीका

कुछ चटपटा और पारंपरिक खाने का है मन, तो एक बार जरूर ट्राई करें चावल के आटे और मूली से बनी पूड़ी.

इस सर्दी मूली के पराठे नहीं, बनाएं मूली और चावल के आटे की पूड़ी, जानें मुरौरी बनाने का पारंपरिक तरीका
कैसे बनाएं मूली की स्वादिष्ट पूडी.
NDTV

सर्दी आते ही घर में मूली आनी शुरू हो जाती है और मूली आते ही सबसे पहले बनता है मूली का पराठा. लेकिन क्या आप भी पराठा खा-खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार बिल्कुल नया और टेस्टी ट्राई करें. बिहार-यूपी के घरों में सर्दियों में एक चीज बड़ी शौक से बनती है वो है मूली और चावल के आटे की पूड़ी. गांव में इसको लोग मुरौरी भी कहते हैं. ऊपर से कुरकुरी, अंदर से नरम, और आलू की रसीली सब्जी के साथ खाओ तो मजा ही आ जाए. और सबसे बड़ी बात, ये बचे हुए चावल से बन जाती है. न आटा गूंथने का झंझट, न भरावन फटने का डर. इस रेसिपी को हाल ही में इंस्टाग्राम (my_kitchenn_diaries) पर शेयर किया है, तो चलिए जानते हैं इसे बनाने का देसी तरीका.

मुरौरी क्या होती है? मुरौरी असल में बिहार की पुरानी डिश है. पहले के जमाने में जब घर में चावल बच जाते थे, तो दादी-नानी उसको फेंकती नहीं थीं. सुबह उसी बचे चावल में मूली, चावल का आटा, थोड़ा मसाला मिलाकर पूड़ी तल देती थीं. 

यहां देखें वीडियो-

कैसे बनाएं चावल के आटे और मूली की पूड़ी- (How To Make Chawal Atta And Mooli Ki Poori)

सामग्री-

  • मूली- 500 ग्राम (धोकर, छीलकर और कद्दूकस की हुई)
  • पानी- 1 कप
  • घी- 1 छोटा चम्मच
  • कलौंजी- 1 छोटा चम्मच
  • अजवाइन- 1 छोटा चम्मच
  • नमक-1 छोटा चम्मच
  • कद्दूकस किया हुआ अदरक- 1 छोटा चम्मच
  • कद्दूकस किया हुआ लहसुन- 1 छोटा चम्मच
  • लाल मिर्च फ्लेक्स- 1 छोटा चम्मच
  • चावल का आटा- 1½ कप (डेढ़ कप)

विधि-

  1. एक कढ़ाई में 1 चम्मच तेल गरम कीजिए. उसमें कलौंजी, अजवाइन डालिए. चटकने पर कुटी मिर्च और अदरक डालिए. हल्का भूनिए. 
  2. अब इसमें कद्दूकस की हुई मूली डाल दीजिए. मूली को 2-3 मिनट तक भूनिए, ताकि उसका पानी सूख जाए. मूली का पानी नहीं सुखाया, तो पूड़ी फट जाएगी.
  3. अब इसमें पके हुए चावल डालिए, फिर चावल का आटा डालिए. धीरे-धीरे थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए इसको चलाइए. आंच धीमी रखिए.
  4.  2-3 मिनट में ये एक डो जैसा हो जाएगा. गैस बंद करके इसको थाली में निकाल लीजिए. ऊपर से हरी धनिया डालकर हाथ से अच्छी तरह गूंथ लीजिए. 
  5. डो न ज्यादा सख्त हो, न ज्यादा गीला. पूड़ी वाले आटे जैसा होना चाहिए. चौथा काम पूड़ी बेलना.
  6. चकले पर थोड़ा सा तेल लगाइए. डो की छोटी-छोटी लोई बनाइए. लोई को हाथ से दबाकर बेलिए. ज्यादा पतला मत बेलिए, नहीं तो तलते समय टूट जाएगी.
  7. अगर बेलन से बेलने में दिक्कत हो रही हो, तो हाथ से ही दबाकर गोल कर लीजिए. गांव में औरतें हाथ से ही बनाती हैं.
  8. कढ़ाई में तेल गरम कीजिए. तेल अच्छा गरम होना चाहिए, नहीं तो पूड़ी तेल पी लेगी.
  9. एक-एक करके पूड़ी डालिए. कलछी से ऊपर से तेल डालते हुए तलिये. दोनों तरफ से गोल्डन होने तक तलिये. 
  10. बाहर निकालकर कागज पर रखिए, ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए. बस, हो गई आपकी गरम-गरम मुरौरी तैयार.
  11. इसे आमतौर पर आलू की रसीली सब्जी के साथ खाया जाता है. लेकिन आप इसे अचार और चटनी के साथ भी खा सकते हैं.

ये भी पढ़ें- ठंड में आटा गूंथने में आता है आलस? बिना हाथ लगाए और बिना मशीन के ऐसे गूंथे आटा, रोटियां बनेगी एकदम सॉफ्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mooli Recipe, Murauri, Winter Recipe, Poori Sabzi, Radish Recipe
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com