विज्ञापन

गेहूं के आटे से तैयार करें बाजार जैसी कुरकुरी जलेबी, कम चीजों में तैयार होगी क्रिस्पी मिठाई

अगर आप मैदे से तैयार जलेबी खाकर बोर हो गए हैं, तो एक बार गेहूं और चावल के आटे से क्रिस्पी जलेबी बनाकर खाएं. यहां जानते हैं ईजी रेसिपी-

गेहूं के आटे से तैयार करें बाजार जैसी कुरकुरी जलेबी, कम चीजों में तैयार होगी क्रिस्पी मिठाई
Jalebi Recipe : घर पर कैसे बनाएं जलेबी

जलेबी का नाम सुनते ही अक्सर लोगों के मुंह में पानी आ जाता है. ये कई लोगों की पसंदीदा मिठाई होती है. आमतौर पर जलेबी मैदे से बनाई जाती है, लेकिन अगर आप बिना मैदा के कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो चावल और गेहूं के आटे से कुरकुरी जलेबी बनाकर देखें. इस जलेबी की रेसिपी की खास बात ये है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती और ये कम समय में तैयार हो जाती है. सही बैटर, संतुलित चाशनी और आसान ट्रिक्स की मदद से आप घर पर ही बाजार जैसी रसीली और क्रिस्पी जलेबी बना सकते हैं. त्योहार, मेहमानों की आवभगत या अचानक मीठा खाने की इच्छा हो, यह रेसिपी हर मौके पर परफेक्ट साबित होगी. यूट्यूब चैनल Komal से इस स्पेशल रेसिपी को शेयर की गई है. यहां जानते हैं इसे बनाने का तरीका क्या है?

रेसिपी को आप वीडियो में देख सकते हैं...

चावल के आटे से बनाएं कुरकुरी जलेबी

जरूरी सामग्री

  • चावल का आटा - 1 कप
  • गेहूं का आटा - आधा कप
  • दही - 1 कप
  • बेकिंग पाउडर - चुटकीभर
  • चीनी - डेढ़ कप
  • पानी जरूरत के अनुसार
  • इलायची - 2-3 कुटी हुई
  • ऑरेंज फूड कलर - कुछ बूंदें
  • नींबू का रस -1 छोटा चम्मच

जविधि

एक बड़े बर्तन में चावल का आटा और गेहूं का आटा मिला लें. अब इसमें दही डालकर अच्छे से मिलाएं. थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी डालते हुए स्मूद बैटर तैयार करें. बैटर न ज्यादा गाढ़ा होना चाहिए और न ही बहुत पतला. इसमें ऑरेंज फूड कलर मिलाएं और आखिर में चुटकीभर बेकिंग पाउडर डालकर अच्छी तरह फेंट लें.बैटर तैयार होने के बाद इसे करीब 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सभी सामग्री अच्छी तरह सेट हो जाए.

अब चाशनी बनाने के लिए एक पैन में चीनी और पानी डालकर गर्म करें. चीनी पूरी तरह घुल जाने पर इसमें इलायची और फूड कलर डाल दें. करीब 3 से 4 मिनट तक पकाएं. चाशनी में हल्की चिपचिपाहट आनी चाहिए, लेकिन एक तार की चाशनी बनाने की जरूरत नहीं है. अंत में नींबू का रस मिला दें ताकि चाशनी जमने न पाए.

बैटर को जलेबी मेकर, सॉस बोतल या मोटे प्लास्टिक पैकेट में भर लें. कढ़ाई में तेल गर्म करें और गैस को मीडियम फ्लेम पर रखें. अब गोल-गोल घुमाते हुए जलेबी बनाएं और सुनहरा होने तक तलें.

ध्यान रखें कि जलेबी को तुरंत पलटने की कोशिश न करें. जब वह हल्की फ्राई होकर ऊपर आने लगे तभी पलटें. इससे जलेबी टूटेगी नहीं और आकार भी बना रहेगा.

ताजी और गरम जलेबी को सीधे गुनगुनी चाशनी में डालें. लगभग 5 मिनट तक चाशनी में रहने दें ताकि मिठास अच्छी तरह अंदर तक पहुंच जाए. इसके बाद जलेबी निकालकर सर्विंग प्लेट में रखें.

चावल और गेहूं के आटे से बनी ये जलेबी बाहर से क्रिस्पी और अंदर से रसीली होती है. कम सामग्री और आसान विधि की वजह से इसे कोई भी आसानी से घर पर बना सकता है. अगर आप कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो यह रेसिपी जरूर बनाएं और परिवार के साथ गरमा-गरम जलेबी का आनंद लें.

ये भी पढ़ें - दशहरा के दिन क्यों खाई जाती है जलेबी? जानिए इस परंपरा के पीछे की कहानी और क्विक रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Homemade Jalebi Recipe, Crispy Jalebi Recipe, Crispy Jalebi Festive Sweet, Food, Indian Dessert
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com