विज्ञापन

गुजरात की मशहूर दानेदार मोहनथाल बर्फी कैसे बनाएं? नोट करें सीक्रेट टिप

क्या आप भी मीठा खाने के शौकीन हैं, तो घर पर मिनटों में बनाएं स्वादिष्ट मोहन थाल.

गुजरात की मशहूर दानेदार मोहनथाल बर्फी कैसे बनाएं? नोट करें सीक्रेट टिप
कैसे बनाएं मोहन थाल.
Canva

दिवाली हो, होली या फिर घर पर कोई भी खास दिन मीठे के बिना सब कुछ अधूरा है. अगर आप भी पारंपरिक मिठाइयों के शौकीन हैं और गुजरात की मशहूर दानेदार मोहनथाल बर्फी घर पर बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए एकदम परफेक्ट है. हाल ही में निशा मधुलिका ने अपने यूट्यूब चैनल पर इसे बनाने का आसान तरीका शेयर किया है. जिससे हलवाई जैसी दानेदार और मुंह में घुल जाने वाली बर्फी आप झटपट तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसकी पूरी रेसिपी और वो खास सीक्रेट टिप्स.

कैसे बनाएं मोहनथाल रेसिपी-

सामग्री-

  • बेसन- 2 कप 
  • मलाई- 1 कप
  • घी- ½ कप
  • दूध- 3 बड़े चम्मच
  • चीनी- 1 कप
  • छोटी इलायची- 8 
  • बादाम की कतरन- 1 बड़ा चम्मच
  • काजू की कतरन- 1 बड़ा चम्मच

विधि-

  1. ​मोहनथाल का असली मज़ा उसके दानेदार टेक्सचर और रिच स्वाद में होता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले 2 कप यानी 250 ग्राम बेसन को छानकर एक बड़े बर्तन में ले लीजिए. 
  2. अब इसमें 3 बड़े चम्मच पिघला हुआ देसी घी और 3 बड़े चम्मच दूध डालकर अच्छी तरह मिला लें. 
  3. इसके बाद बेसन को हल्का सा दबाकर 15 मिनट के लिए ढककर रख दीजिए ताकि यह अच्छे से फूल जाए.
  4. ​15 मिनट बाद बेसन अच्छे से फूल जाएगा. अब इसे दोनों हाथों से अच्छी तरह मसल लें ताकि इसके पूरे दाने-दाने खिल जाएं. 
  5. इसके बाद चावल छानने वाली मोटी छलनी लें और बेसन को उससे छान लें. ध्यान रखें कि आटे वाली बारीक छलनी का इस्तेमाल बिल्कुल न करें. 
  6. ऐसा करने से बेसन में बहुत ही बढ़िया और मोटा रवा जैसा दाना बनकर तैयार होता है, जो मोहनथाल की असली पहचान है.
  7. ​अब एक कढ़ाई में बचा हुआ घी गर्म करें. कुल आधा कप घी में से 3 चम्मच बेसन में डल चुका है, बाकी बचा घी कढ़ाई में डाल दें. 
  8. इसमें दानेदार बेसन डालकर मीडियम फ्लेम पर लगातार चलाते हुए 10 मिनट तक भूनें जब तक हल्का रंग न बदल जाए. 
  9. अब इसमें 1 कप ताजी घर की मलाई डालें. मलाई डालने से आधा कप मावा और आधा कप घी का काम अपने आप हो जाता है. 
  10. इसे लो-मीडियम फ्लेम पर करीब 20 मिनट तक तब तक भूनें जब तक घी अलग न होने लगे और बढ़िया खुशबू न आने लगे.
  11. ​अब गैस बंद कर दें और दूसरी तरफ चाशनी बनाएं. 1 कप चीनी में आधा कप पानी डालकर चीनी घुलने के बाद 3-4 मिनट और पकाकर एक तार की चाशनी तैयार करें. 
  12. इस चाशनी को भुने हुए बेसन में मिलाएं और साथ में आधा छोटी चम्मच फ्रेश कुटा हुआ इलायची पाउडर डालें. 
  13. इसे अच्छी तरह मिलाएं ताकि बेसन के दाने चाशनी को सोख लें. अब थोड़ा सा मिश्रण हाथ में लेकर गोला बनाकर देखें, अगर गोला आसानी से बन रहा है, तो मिश्रण बिल्कुल तैयार है. 
  14. इसे घी लगी ट्रे में फैलाएं, ऊपर से बादाम और पिस्ता की कतरन डालकर हल्का दबा दें.
  15. ​बर्फी को सेट होने के लिए रख दें, कुछ घंटों या ओवरनाइट में यह बढ़िया जमकर तैयार हो जाएगी. 
  16. इसके बाद अपनी पसंद के छोटे-बड़े पीस काट लें. सबसे अच्छी बात यह है कि इस मोहनथाल को आप बाहर रखकर 15 दिन और फ्रिज में पूरे एक महीने तक मजे से खा सकते हैं. 

ये भी पढ़ें- अमरूद में नमक लगाकर खाने से क्या होता है?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gujarati Mohanthal Recipe Video, ​Besan Malai Barfi Kaise Banaye, ​Traditional Mohanthal Recipe, ​Gujarati Sweets Recipe, ​Homemade Mohanthal, ​Easy Indian Dessert
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com