पालक और आलू का पराठा तो आपने कई बार खाया होगा, लेकिन आज हम आपको एक ऐसा तरीका बता रहे हैं जिससे पराठे न सिर्फ खस्ता बनेंगे बल्कि स्वाद में भी सबसे अलग लगेंगे. करीब-करीब हर घर में आलू और पालक आसानी से मिल जाते हैं, इसलिए इस रेसिपी को बनाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी. पालक और आलू के ये पराठे इतने अच्छी तरह फूलते हैं कि देखने में भी बहुत अच्छे लगते हैं. इस खास रेसिपी को यूट्यूब पर Suvidha Net Rasoi ने शेयर की है. यहां जानते हैं पूरी रेसिपी-
वीडियो में देखें रेसिपी...
पालक-आलू का पराठा कैसे बनाएं?
आवश्यक सामग्री
पालक - 250 ग्राम
उबले आलू - 4 मीडियम
गेहूं का आटा - 1 कप
मैदा - 1 कप
तेल - 1 छोटा चम्मच
नमक - स्वादानुसार
लहसुन की कलियां - 5-6
हरी मिर्च - 2-3
हरा धनिया - 1 मुट्ठी
जीरा - 1 छोटा चम्मच
सौंफ - 1 छोटा चम्मच
साबुत धनिया - 1 छोटा चम्मच
हींग - 1/4 छोटा चम्मच
पराठे सेंकने के लिए घी या तेल
विधि
सबसे पहले पालक को अच्छी तरह धोकर मोटा-मोटा काट लें. एक कढ़ाई में पानी और थोड़ा नमक डालकर गर्म करें. पानी गर्म होने पर पालक डालें और सिर्फ एक उबाल आने तक पकाएं. फिर तुरंत छान लें और चम्मच से दबाकर उसका पानी निकाल लें. इस पानी को फेंकें नहीं, इसे आटा गूंथने के लिए बचाकर रख लें.
एक बर्तन में गेहूं का आटा, मैदा और थोड़ा तेल मिलाएं. अब पालक के बचे हुए पानी की मदद से नरम आटा गूंथ लें. ऊपर से थोड़ा तेल लगाकर ढक दें और 15 मिनट के लिए रख दें.
उबले आलू मैश करें और उसमें उबला हुआ पालक मिला दें. अब मिक्सर में हरी मिर्च, लहसुन, हरा धनिया, जीरा, सौंफ और साबुत धनिया डालकर दरदरा पीस लें. पैन में थोड़ा तेल गर्म करके इस मसाले को 2 मिनट भूनें. ठंडा होने पर इसे आलू-पालक के मिश्रण में डालें. नमक और हींग मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें और छोटे-छोटे बॉल बना लें.
अब आटे की लोई बनाकर बीच में स्टफिंग रखें और चारों तरफ से बंद कर दें. हल्के हाथों से बेल लें. गरम तवे पर पराठा डालें और दोनों तरफ से घी या तेल लगाकर सुनहरा होने तक सेंक लें. गरमा-गरम पालक-आलू पराठे तैयार हैं. इन्हें दही, अचार या हरी चटनी के साथ परोसें और स्वाद का आनंद लें.
ये भी पढ़ें - 10 मिनट में गाजर का हलवा कैसे बनाएं? कढ़ाई में ऐसे बनाएंगे तो इंस्टेंट नूडल्स से भी फास्ट तैयार हो जाएगा गाजर का हलवा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं