सर्दियों का मौसम शुरू हो गया है और ठंड के मौसम में ड्राई फ्रूट्स का सेवन सबसे अच्छा होता है. ड्राई फ्रूट्स की जब भी बात आती है तो सबसे पहले दिमाग में बादाम का नाम ही आता है. बादाम को सबसे पौष्टिक ड्राई फ्रूट्स में से एक माना जाता है. ये शरीर को एनर्जी देने, दिमाग को तेज रखने और ताकत बढ़ाने के लिए अच्छा माना जाता है. आयुर्वेद में भी बादाम के कई फायदे बताए गए हैं. हालांकि कई लोग बादाम तो खाते हैं, लेकिन इसे खाने का सही तरीका नहीं जानते. आयुर्वेद के अनुसार, बादाम की तासीर गर्म होती है और ये पचने में थोड़ा भारी होते हैं. ऐसे में इनका सेवन सही तरीके से करने पर ही इनका अच्छा लाभ मिलेगा. चलिए आपको बताते हैं सर्दियों में रोज बादाम खाने से क्या होता है और एक दिन में कितने बादाम खाने चाहिए?
सर्दियों में रोज बादाम खाने से क्या होता है?
यूट्यूब पर @DrVishalPandyaMDAyurveda नाम के चैनल पर एक वीडियो शेयर किया गया है. इस वीडियो में डॉक्टर विशाल पांडे ने बताया कि बादाम शरीर को ताकत देने वाला और पोषक तत्वों से भरपूर होता है. इसे नियमित रूप से सही मात्रा में खाने से शरीर में ताकत बढ़ती है. ये मांसपेशियों और स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में भी मदद करता है. सर्दियों के मौसम में शरीर को ज्यादा एनर्जी और गर्माहट की जरूरत होती है. बादाम की गर्म तासीर इस मौसम में शरीर को अंदर से पोषण देने का काम करती है. यही वजह है कि विंटर सीजन को बादाम खाने का सबसे अच्छा समय माना जाता है.
बादाम खाने का सबसे अच्छा तरीका
बादाम को किसी भी रूप में खाया जा सकता है, लेकिन बादाम को रातभर पानी में भिगोकर रखना चाहिए. सुबह इसके छिलके उतारकर खाना अधिक लाभकारी होता है. भिगोए हुए बादाम आसानी से पच जाते हैं और शरीर इनके पोषक तत्वों को बेहतर तरीके से अवशोषित कर पाता है.
1 दिन में कितने बादाम खाने चाहिए?
बादाम का सेवन सीमित और मात्रा में करना चाहिए. बादाम की मात्रा व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य और पाचन क्षमता पर निर्भर करती है. आमतौर पर 4 से 8 भिगोए हुए बादाम रोज खाए जा सकते हैं. जिन लोगों की पाचन शक्ति कमजोर है, उन्हें कम मात्रा से शुरुआत करनी चाहिए.
यह भी पढ़ें:- चावल के आटे का साबुन कैसे बनाएं? रोज नहाने के लिए घर पर साबुन बनाने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- फलों का जूस या साबुत फल, एक्सपर्ट से जानिए डायबिटीज के मरीजों के लिए क्या है बेस्ट?
यह भी पढ़ें:- पारिजात से गुड़हल तक, सर्दियों में हेयरकेयर के लिए ये 5 फूल हैं बेस्ट, जानिए कैसे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं