जब मैंने शुरूआत में रोटी बनाना शुरू किया तो कई बार मेरे साथ ऐसा हुआ कि तवे से उतरते समय रोटी नरम लगती थी, लेकिन कुछ देर बाद ही वह सख्त होने लगती थी. पहले मुझे लगता था कि शायद आटे में पानी कम डाल रही हूं. इसलिए कभी ज्यादा पानी डालकर आटा गूंथा, तो कभी उसे लंबे समय तक मसलती रही. लेकिन रोटी की समस्या पूरी तरह दूर नहीं हुई. फिर मैंने एक दिन मम्मी को कॉल करके पूछा कि आखिर मैं रोटी बनाने में कहा गलती कर रही हूं, जो आपकी रोटी की जैसी सॉफ्ट और फूली-फूली नहीं बनती है. फिर मम्मी ने बताया असली सीक्रेट.
आटा गूंथते समय की ये गलती-
पहले मैं जल्दबाजी में आटा गूंथकर तुरंत रोटियां बनाने लगती थी. आटा कभी ज्यादा सख्त हो जाता था, तो कभी इतना नरम कि बेलते समय चिपकने लगता था.
मम्मी के बोलने के बाद मैंने समझा कि नरम रोटी के लिए आटे का सही गूंथा होना जरूरी है. अब मैं आटे में थोड़ा-थोड़ा पानी डालती हूं और उसे अच्छी तरह गूंथती हूं. आटा गूंथने के बाद उसे लगभग 15-20 मिनट ढककर रख देती हूं. इससे आटे को आराम मिलता है और रोटियां बेलना भी आसान हो जाता है. सॉफ्ट रोटी बनाने का असली सीक्रेट यही है. इससे रोटियां सॉफ्ट और परफेक्ट बनती हैं.

Photo Credit: Unsplash
मैंने अपनाएं ये भी तरीके-
पहले मैं रोटी को तवे पर काफी देर तक सेंकती रहती थी. मुझे लगता था कि ज्यादा सेंकने से रोटी अच्छी तरह पक जाएगी. लेकिन कई बार इसी वजह से रोटी सूखकर सख्त हो जाती थी. अब मैं तवे को पहले अच्छी तरह गर्म करती हूं. फिर रोटी को मध्यम से तेज आंच पर जरूरत के अनुसार पलटते हुए सेंकती हूं. ध्यान रखती हूं कि रोटी कच्ची न रहे, लेकिन उसे जरूरत से ज्यादा देर तक भी न सेंकूं.
रोटियों को नरम रखने का तरीका-
रोटी बन जाने के बाद उसे खुला छोड़ देना भी ठीक नहीं है. ऐसा करने पर उसकी नमी धीरे-धीरे कम हो सकती है. इसलिए अब मैं रोटियों को साफ कपड़े से ढके हुए रोटी के डिब्बे में रखती हूं.
ये भी पढ़ें- मैंने पहली बार घर में बनाई दाल मखनी, स्वाद तो आया लेकिन एक गलती ने सिखा दी बड़ी बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं