How To Make Spicy Red Chutney: समोसा, कचौड़ी, मोमोज या फिर तीखे आलू हम सभी बड़े चाव से खाते हैं. लेकिन क्या आपने कभी गौर किया है कि जो स्वाद ठेले या दुकान वाले की लाल चटनी में होता है, वो घर की आम चटनी में क्यों नहीं आ पाता? घर पर जब हम चटनी बनाते हैं, तो या तो उसका रंग बाजार जैसा गहरा लाल नहीं होता, या फिर वो वैसी गाढ़ी और मजेदार नहीं बनती. अगर आप भी इस बात से परेशान हैं, तो दिल छोटा मत करिए. क्योंकि आज हम आपको स्ट्रीट फूड वालों का वो सीक्रेट बता रहे हैं जिससे आप भी बिल्कुल वैसी ही लाल चटनी बना सकते हैं. तो चलिए बिना किसी देरी रेसिपी पर चलते हैं.
क्या है वो सीक्रेट? (What Is The Spicy Red Chutney Secret)
कई लोगों को लगता है कि बाजार वाले चटनी में बहुत सारा केमिकल या आर्टिफिशियल फूड कलर मिलाते हैं. हां, कुछ लोग ऐसा करते हैं, लेकिन असली स्वाद और रंग का राज कुछ और ही है. स्ट्रीट फूड वाले अपनी चटनी में सूखी कश्मीरी लाल मिर्च और उबले हुए टमाटर का एक खास कॉम्बिनेशन इस्तेमाल करते हैं. कश्मीरी मिर्च तीखी कम होती है, लेकिन इससे चटनी का रंग एकदम गहरा लाल आता है.

Photo Credit: iStock
कैसे बनाएं लाल चटनी- How To Make Red Chutney)
सामग्री-
- सूखी कश्मीरी लाल मिर्च
- टमाटर
- लहसुन
- अदरक
- सफेद सिरका
- नींबू का रस
- चीनी
- नमक
- कॉर्नफ्लोर
विधि-
स्टेप 1- सबसे पहले सूखी कश्मीरी लाल मिर्च के डंठल तोड़ लें. अब एक बर्तन में एक से डेढ़ कप पानी गर्म करें. इसमें टमाटरों पर हल्का सा कट लगाकर और मिर्चियों को डालकर 5 से 7 मिनट के लिए उबलने दें. जब टमाटर के छिलके अलग होने लगें, तो गैस बंद कर दें और इन्हें ठंडा होने दें.
स्टेप 2- ठंडा होने के बाद टमाटर के छिलके उतार लें. अब मिक्सी के जार में उबले हुए टमाटर, उबली हुई लाल मिर्च, लहसुन की कलियां, अदरक, नमक और थोड़ी सी चीनी डालें. इसे बिना पानी डाले एकदम महीन (smooth) पीस लें. टमाटर के पानी की वजह से यह आसानी से पीस जाएगी.
स्टेप 3- अब एक कड़ाही या पैन में सिर्फ एक चम्मच तेल गर्म करें. इसमें पिसा हुआ पेस्ट डालें और धीमी आंच पर 2 मिनट पकाएं. एक छोटी कटोरी में एक चम्मच कॉर्नफ्लोर लें और उसमें दो चम्मच पानी मिलाकर एक पतला घोल (slurry) बना लें. इस घोल को धीरे-धीरे चटनी में डालें और लगातार चलाते रहें. आप देखेंगे कि चटनी एकदम गाढ़ी, चमकदार और बाजार जैसी दिखने लगी है.
स्टेप 4- आखिर में इसमें एक चम्मच सिरका (Vinegar) या नींबू का रस मिलाएं. सिरका डालने से चटनी का स्वाद तो बढ़ता ही है, साथ ही आप इसे फ्रिज में रखकर हफ्तों तक खराब होने से बचा सकते हैं. बस, आपकी बाजार जैसी चटक लाल तीखी चटनी तैयार है!
ये भी पढ़ें- घर की सब्जी में ढाबे वाला स्वाद क्यों नहीं आता? मसाले नहीं असली वजह हैं ये चीजें
Dr. Naresh Trehan से जानें बीमारियों से बचने और लंबी उम्र पाने के राज, दिल के डॉक्टर से दिल की बात...
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं