विज्ञापन

चावल के पापड़ कैसे बनाएं? जानें घर पर खस्ता पापड़ बनाने का सबसे आसान तरीका

यहां हम आपको घर पर चावल के पापड़ बनाने की बेहद आसान रेसिपी बता रहे हैं. इस रेसिपी में पापड़ बेलने की जरूरत नहीं पड़ती, आइए जानते हैं इसका आसान तरीका-

चावल के पापड़ कैसे बनाएं? जानें घर पर खस्ता पापड़ बनाने का सबसे आसान तरीका
घर पर बनाएं चावल के खस्ता पापड़
(Photo Credit: Instagram)

खाने के साथ पापड़ मिल जाए तो स्वाद और भी बढ़ जाता है. अब, वैसे तो बाजार में कई तरह के पापड़ मिलते हैं, लेकिन आप चाहें तो बड़ी आसानी से खुद भी स्वाद में लाजवाब और बाजार जैसे खस्ता पापड़ घर पर बना सकते हैं. इसके लिए आपको न तो ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी और न ही ज्यादा सामान की जरूरत होगी. यहां हम आपको घर पर चावल के पापड़ बनाने की बेहद आसान रेसिपी बता रहे हैं. ये खास रेसिपी डिजिटल क्रिएटर गीता चौधरी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर की है. खास बात यह है कि इस रेसिपी में पापड़ बेलने की जरूरत भी नहीं पड़ती है, तो आइए जानते हैं इसका आसान तरीका- 

चाहिए होंगी ये चीजें- 

  • पापड़ बनाने के लिए आपको 2 कटोरी चावल 
  • 10 कटोरी पानी 
  • एक छोटा चम्मच जीरा 
  • अजवाइन 
  • स्वादानुसार नमक 
  • पापड़ खार 
  • मीठा सोडा और 
  • थोड़ा सा कटा हुआ पुदीना चाहिए. 

इसके अलावा पापड़ फैलाने के लिए प्लास्टिक शीट और थोड़ा तेल भी चाहिए होगा.

कैसे बनाएं चावल के पापड़?
  • सबसे पहले दो कटोरी चावल को रातभर पानी में भिगो दें. इससे चावल अच्छी तरह फूल जाएंगे और आसानी से पकेंगे. 
  • अगले दिन कुकर में 10 कटोरी पानी डालें. इसमें जीरा, अजवाइन, नमक, पापड़ खार और मीठा सोडा डालकर अच्छी तरह मिला लें.
  • अब, पानी में अच्छा उबाल आने दें. इसके बाद भीगे हुए चावल डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. 
  • कुकर का ढक्कन बंद करके 8 से 10 सीटी आने तक पकाएं. इससे चावल पूरी तरह गल जाएंगे.
  • जब चावल पक जाएं, तब उन्हें अच्छी तरह मैश कर लें. ध्यान रखें कि चावल में बड़े दाने न रहें. 
  • अब, इसमें कटा हुआ पुदीना डालकर अच्छी तरह मिला दें. पुदीना डालने से पापड़ में हल्की खुशबू और अलग स्वाद आ जाता है. 
  • इसके बाद मिश्रण को करीब 10 मिनट तक खुला पकाएं. इससे बैटर अच्छी तरह तैयार हो जाएगा.
  • अब, बैटर को थोड़ा ठंडा होने दें. तब तक एक प्लास्टिक शीट पर हल्का सा तेल लगाएं. 
  • इसके बाद चम्मच की मदद से इस शीट पर बैटर को थोड़ा-थोड़ा डालकर गोल आकार की परतों में फैला दें. 
  • पापड़ फैलाने के बाद इन्हें एक दिन के लिए सूखने दें. अगले दिन पापड़ों को सावधानी से पलट दें, ताकि दूसरी तरफ से भी ये अच्छी तरह सूख जाएं. इन्हें तब तक सुखाएं, जब तक ये पूरी तरह सूखकर सख्त न हो जाएं.
  • सूखते ही आपके पापड़ बनकर तैयार हो जाएंगे, आप इन्हें किसी एयरटाइट डिब्बे में स्टोर कर रख सकते हैं. 

अब, जब आपको पापड़ खाने का मन हो, तब कड़ाही में तेल गर्म करें और पापड़ डालकर तल लें. कुछ ही सेकंड में ये फूलकर खस्ता हो जाएंगे. इस तरह आप बड़ी ही आसानी से घर पर खुद स्वाद में लाजवाब पापड़ तैयार कर सकते हैं. 

यहां देखें वीडियो- 

यह भी पढ़ें- मटर की नमकीन कैसे बनाएं? जानें बाजार जैसी कुरकुरी मटर नमकीन बनाने की रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com