अक्सर हम सब के मन में यह सवाल आता है कि घर पर लाख कोशिश करने के बाद भी होटल या ढाबे की सब्जी वाला स्वाद क्यों नहीं आता. अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो आज हम आपके लिए एक ऐसा आसान तरीका लेकर आए हैं जिसे जानने के बाद आपकी हर साधारण सब्जी भी किसी होटल की स्पेशल डिश जैसी लाजवाब लगने लगेगी.
दरअसल, होटल वाले अपनी सब्जियों में किसी जादू का इस्तेमाल नहीं करते, बल्कि उनके स्वाद का असली राज होता है उनका सीक्रेट सब्जी मसाला'. बाजार में मिलने वाले पैकेट वाले मसालों में वो ताजगी और असली खुशबू नहीं होती जो खड़े मसालों को पीसकर बनाई जाती है. इसके अलावा, पैकेट वाले मसालों में कई बार मिलावट भी होती है या वो बहुत पुराने रखे होते हैं. इसलिए, आज हम आपको घर पर ही बिल्कुल शुद्ध और खुशबूदार होटल जैसा सब्जी मसाला बनाने की बहुत ही आसान रेसिपी बताने जा रहे हैं. इसे बनाना बेहद आसान है और इसमें घर की ही किचन में मौजूद चीजें इस्तेमाल होती हैं.
ये वीडियो भी देखें-
कैसे बनाएं सीक्रेट मसाला- (How To Make Secret Masala At Home)
सबसे पहले एक कप साबुत धनिया ले लीजिए. इसके साथ आधा कप जीरा, दो बड़े चम्मच सौंफ, दो से तीन बड़ी इलायची, चार से पांच हरी इलायची, एक छोटा टुकड़ा दालचीनी का, दस से बारह लौंग, पंद्रह से बीस काली मिर्च, दो से तीन सूखी लाल मिर्च, आधा छोटा चम्मच मेथी दाना और थोड़ा सा जायफल का टुकड़ा ले लें. इसके अलावा, रंगत के लिए एक बड़ा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर और आधा चम्मच हल्दी पाउडर भी अपने पास रख लें. इन सभी मसालों का सही नाप ही आपकी सब्जी को परफेक्ट स्वाद देगा.
सबसे पहले एक कड़ाही को गैस पर धीमी आंच पर गर्म करें. अब इसमें धनिया, जीरा, सौंफ, इलायची, दालचीनी, लौंग, काली मिर्च और सूखी लाल मिर्च को डाल दें. मसालों को बहुत ज्यादा नहीं भूनना है, बस इन्हें हल्का सा ड्राई रोस्ट करना है ताकि इनमें मौजूद हल्की सी नमी निकल जाए और इनकी खुशबू बाहर आ जाए. मसालों से जब भीनी-भीनी महक आने लगे, तो गैस बंद कर दें और इन्हें पूरी तरह से ठंडा होने के लिए किसी प्लेट में निकाल लें. ध्यान रखें कि मसालों को गर्म हालत में बिल्कुल न पीसें, वरना उनकी खुशबू कम हो सकती है.
जब मसाले अच्छी तरह ठंडे हो जाएं, तो उन्हें एक मिक्सी के जार में डालें. अब इसी जार में कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, थोड़ा सा काला नमक और सादा नमक भी मिला लें. मिक्सी को रुक-रुक कर चलाएं और मसालों का एक बारीक पाउडर तैयार कर लें. अगर आपको दरदरा मसाला पसंद है, तो आप इसे हल्का मोटा भी रख सकते हैं. बस तैयार है आपका एकदम फ्रेश, खुशबूदार और बाजार से कहीं ज्यादा शुद्ध होटल स्टाइल सब्जी मसाला.
ये भी पढ़ें- फ्रिज में रखे हुए आटे की खाते हैं रोटी? जान लें कितनी देर बाद गूंथा आटा हो जाता है खराब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं