हमारे देश के बिहार, बंगाल, ओडिशा जैसे राज्यों के रसोई घरों में पंचफोरन मसाले का इस्तेमाल काफी ज्यादा होता है. 5 मसालों से मिलकर तैयार होने वाला ये एक मसाला, न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ता है, बल्कि इससे खाने की खुशबू भी कई गुना बढ़ जाती है. इस मसाले की अच्छी बात ये है कि आपको इसे अलग से मार्केट से खरीदने की जरूरत नहीं है. आप इसे घर पर बहुत सी सिंपल तरीके से बना सकते हैं. अगर आप मार्केट से खरीद-खरीदकर इसे खा रहे हैं, तो एक बार इसे घर पर बनाकर देंखे. घर पर तैयार पंचफोरन मसाले का स्वाद मार्केट के मसाले से कई गुना बेहतर लग सकता है. यहां जानते हैं घर पर पंचफोरन मसाले बनाने की रेसिपी-
पंचफोरन मसाला बनाने की विधि क्या है?
आवश्यक सामग्री
- जीरा -2 चम्मच
- सौंफ - 2 चम्मच
- राई - 2 चम्मच
- कलौंजी - 2 चम्मच
- मेथी दाना - 1 से 2 चम्मच
विधि
पंचफोरन तैयार करने के लिए सबसे पहले सभी मसालों को अच्छी तरह से साफ कर लें, ताकि इसमें मौजूद धूल मिट्टी और कंकड़ हट जाए. इसके बाद एक बड़ा सा बर्तन लें, इसमें सौंफ, जीरा, राई, कलौंजी और मेथी दाना डालकर अच्छी तरह मिला लें.
आप चाहे, तो इसे भुनकर भी बना सकते हैं. लेकिन इसका ऑरिजनल स्वाद बिना भुने ही आता है. अगर आप भूनना चाहते हैं, तो 1 से 2 मिनट के लिए इन मसालों को भुनकर स्टोर कर सकते हैं. मसालों को मिक्स करके बाद आप इसे किसी कांच के एयर टाइट कंटेनर में स्टोर करके रखें. ध्यान रखें कि इसके अंदर नमी न जाए, वरना मसालों की खुशबू कम हो सकती है.
पंचफोरन का इस्तेमाल कैसे किया जाता है?
पंचफोरन का इस्तेमाल तड़का लगाने के लिए होता है. बिहार-बंगाल जैसे राज्यों में इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से मछली तैयार करने के दौरान होता है. इसका प्रयोग करने के लिए सरसों तेल को गर्म करें, इमें तेजपत्ता और पंचफोरन डालें. जब तेल में मसाले चटकने लगे, तब बाकी के अन्य मसाले डाले जाते हैं. मछली के अलावा आप कद्दू, तोरई, टमाटर की चटनी जैसी चीजों में तड़के के रूप में इसका इस्तेमाल कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें - इन 5 लोगों के लिए रामबाण है सुबह खाली पेट मेथी वाले पानी का सेवन, एक्सपर्ट से जानें फायदे और पीने का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं