Soup For Cold And Cough In Hindi: बदलते मौसम में खुद की सेहत का ख्याल रखना बेहज जरूरी हैं. क्योंकि इस मौसम में जरा सी लापरवाही आपकी तबीयत को और खराब कर सकती है. कभी तेज धूप तो कभी झमाझम बारिश, मौसम का यह बदलाव हमारी सेहत पर सीधा असर डालता है. जिससे गले की खराश, बहती नाक और सर्दी-खांसी की समस्या सबसे ज्यादा देखी जाती है. अगर आप भी इस समस्या से बचना चाहते हैं, तो डाइट में सूप को शामिल कर सकते हैं.
क्यों परेशान करता है बदलता मौसम?
जब मौसम बदलता है, तो हमारा शरीर इस बदलाव को तुरंत अपना नहीं पाता. तापमान में उतार-चढ़ाव की वजह से हमारी इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है. ऐसे में वायरल इन्फेक्शन, सर्दी, जुकाम और खांसी आम बात हो जाती है. अंग्रेजी दवाइयां खाने से तुरंत आराम तो मिल जाता है, लेकिन वे शरीर को अंदर से कमजोर कर देती हैं. इसलिए, घरेलू और प्राकृतिक तरीकों को अपनाना सबसे बेहतर ऑप्शन माना जाता है.

किचन में छिपा है सेहत का खजाना-
सर्दी-खांसी से बचने के लिए आपको महंगे प्रोडक्ट्स खरीदने की कोई जरूरत नहीं है. किचन में मौजूद अदरक, लहसुन, काली मिर्च, तुलसी और फ्रेश सब्जियां आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकती हैं. इन सभी चीजों को मिलाकर अगर एक गरमा-गरम सूप तैयार कर लिया जाए, तो यह दवाई की तरह असरदार साबित हो सकता है.
कैसे बनाएं सेहतमंद सूप- (How To Make Monsoon Soup)
सामग्री- बारीक कटी हुई सब्जियां. गाजर, बीन्स, अदरक-लहसुन का पेस्ट, थोड़ी सी काली मिर्च पाउडर, एक चम्मच देसी घी, नमक स्वादानुसार और नींबू का रस.
विधि-
- सबसे पहले एक बर्तन में एक चम्मच देसी घी गरम करें. अब इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर हल्का भून लें.
- इसके बाद अपनी पसंद की सारी कटी हुई सब्जियां इसमें मिला दें और 2 मिनट तक पकाएं.
- अब इसमें दो कप पानी डालें और उबाल आने दें. जब सब्जियां थोड़ी नरम हो जाएं, तो इसमें चुटकी भर काली मिर्च पाउडर और स्वाद के मुताबिक नमक मिलाएं.
- आखिर में गैस बंद कर दें और ऊपर से थोड़ा सा नींबू का रस निचोड़ लें. लीजिए, आपका गरमा-गरम और सेहतमंद सूप बिल्कुल तैयार है.
यह सूप क्यों है इतना फायदेमंद?
यह सूप सिर्फ आपका पेट नहीं भरता, बल्कि आपके शरीर को अंदर से ताकत देता है. अदरक और लहसुन की तासीर गर्म होती है, जो गले की खराश और बंद नाक में मददगार है. काली मिर्च कफ को बाहर निकालने में मदद करती है और नींबू शरीर को विटामिन सी देता है, जिससे इम्यूनिटी मजबूत होती है.
ये भी पढ़ें- क्या है मोरिंगा खाने का सही तरीका? डाइट में शामिल करने के 4 आसान तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं