सर्दियां शुरू होते ही एक सबसे सबसे ज्यादा हर किसी को परेशान करती है वो है सर्दी-खांसी और गले में खराश. सुबह उठो तो नाक बंद, शाम को खांसी शुरू, रात को गला ऐसा लगता है जैसे किसी ने गले को छील दिया है. ऐसे में सबसे पहले हममें से ज्यादातर लोग दवा की दुकान की तरफ रूख करते हैं. क्या आपके साथ भी ऐसा ही होता है. अगर आपका जवाब हां है, तो बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि भारतीय घर की किचन में ही इसका इलाज रखा हुआ है, वो है दादी-नानी वाला काढ़ा. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने का तरीका और इसके फायदे.
क्यों है ये काढ़ा खास-
काढ़ा मसालों का एक कड़वा पानी है, जो शरीर के अंदर की गर्मी को बढ़ाता है. जब हमें सर्दी लगती है, तो हमारे शरीर में कफ जमा हो जाता है. यही कफ नाक बंद करता है, गले में खराश करता है और खांसी लाता है. काढ़े में डलने वाली अदरक, तुलसी, काली मिर्च और लौंग में ऐसी ताकत होती है जो इस कफ को पिघलाकर बाहर निकालने में मदद करते हैं.

कैसे बनाएं सेहतमंद काढ़ा-
इस काढ़े को बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में 1 गिलास पानी डालें. उसमें अदरक को कूटकर डालें. अब तुलसी, लौंग, काली मिर्च को हल्का कूटकर, दालचीनी, अजवाइन और हल्दी डाल दें. अब गैस को धीमा करके इसे 10-12 मिनट तक उबलने दें. जब पानी आधा रह जाए, तो गैस बंद कर दें और इसे छान लें. अब इसमें शहद और थोड़ा सा नींबू का रस मिलाएं. ध्यान रखें, शहद कभी भी उबलते हुए काढ़े में न डालें. जब काढ़ा थोड़ा गुनगुना हो जाए, तभी शहद डालें. नहीं तो शहद की ताकत खत्म हो जाती है. इस काढ़े को हमेशा गर्म-गर्म ही पिएं, ठंडा करके पीने से कोई फायदा नहीं होगा.
क्या है काढ़ा पीने का सही समय और तरीका?
बहुत से लोग दिन में 4-5 बार काढ़ा पी लेते हैं और फिर कहते हैं कि पेट खराब हो गया. सर्दी-खांसी में दिन में 2 बार काढ़ा काफी है. एक बार सुबह खाली पेट या नाश्ते के बाद और दूसरी बार रात को सोने से पहले. रात को काढ़ा पीकर सोने से नाक खुल जाती है और नींद भी अच्छी आती है.काढ़ा पीने के बाद तुरंत ठंडा पानी न पिएं, और कम से कम आधे घंटे तक पंखे या एसी की सीधी हवा में न बैठें.
काढ़ा पीते वक्त किन बातों का रखें ध्यान-
काढ़ा हर किसी के लिए एक जैसा नहीं होता. छोटे बच्चों को काढ़ा बहुत हल्का बनाकर दें, उसमें काली मिर्च और अजवाइन कम रखें. गर्भवती महिलाओं को काढ़ा पीने से पहले एक बार डॉक्टर से परामर्श जरूर लेना चाहिए.
ये भी पढ़ें- AQI 200 पार है तो बाहर वॉक करें या नहीं? घर में ही कैसे रहें फिट, एक्सपर्ट ने बताया आसान फॉर्मूला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं