बचे हुए चावल
NDTV
अक्सर घरों में रात का चावल बच जाता है और समझ नहीं आता कि उसका क्या किया जाए. ऐसे में उसे फेंकने की बजाय आप एक बेहद स्वादिष्ट और झटपट तैयार होने वाला नाश्ता बना सकते हैं, जो स्वाद के साथ सेहत का भी पूरा ख्याल रखता है. इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और इसका क्रंची व स्पाइसी स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आएगा. अगर आप रोज-रोज एक ही तरह का नाश्ता खाकर बोर हो चुके हैं, तो यह अनोखी डिश आपकी सुबह की चाय या शाम की भूख के लिए एकदम परफेक्ट है. इसे बनाना बेहद आसान है और घर में मौजूद सामग्री से ही यह लजीज स्नैक बनकर तैयार हो जाता है.
सामग्री:
- 1.5 कप पका हुआ बचा हुआ चावल
- 1/2 कप सूजी
- 1/4 कप ताजा दही
- आवश्यकतानुसार पानी
- 1/2 छोटा चम्मच नमक
- 2 छोटे चम्मच सांभर मसाला
- 1/2 छोटी चम्मच राई
- 1/2 छोटी चम्मच सफेद तिल
- 2 छोटे चम्मच तेल
- 1 बड़ा चम्मच बारीक कटा हुआ हरा धनिया
- 2 लंबी कटी हुई हरी मिर्च
- 10 से 12 ताजे करी पत्ते
- अनार के दाने
बनाने का आसान तरीका:
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में बचा हुआ पका हुआ चावल, सूजी, दही और नमक को एक साथ अच्छी तरह मिला लें.
- हाथों या मैशर की मदद से इसे ऐसे मैश करें कि सारी चीजें एकसार हो जाएं.
- ध्यान रखें कि मिश्रण में नमी बरकरार रहनी चाहिए ताकि सूजी अच्छे से फूल सके.
- अब इसे ढककर लगभग 10 मिनट के लिए एक तरफ रख दें.
- तय समय के बाद मिश्रण को चेक करें.
- अब हाथों में थोड़ा सा पानी या तेल लगाकर इस मिश्रण से अपनी पसंद के अनुसार छोटी-छोटी टिक्कियां या गोल बाइट्स तैयार कर लें.
- इधर इडली कुकर में जरूरत के अनुसार पानी डालकर गर्म होने के लिए रख दें.
- ढोकला या इडली की प्लेट को थोड़े से तेल से चिकना करें और तैयार की गई बाइट्स को उस पर रख दें.
- कुकर का ढक्कन लगाएं और धीमी आंच पर इन्हें लगभग 10 मिनट तक भाप में पकने दें.
- जब तक बाइट्स पक रही हैं, एक कड़ाही में 2 छोटे चम्मच तेल गरम करें.
- तेल गर्म होने पर उसमें राई और सफेद तिल चटकाएं.
- इसके बाद करी पत्ता और लंबी कटी हुई हरी मिर्च डालकर लगभग एक मिनट तक भून लें.
- अब कड़ाही में सांभर मसाला और भाप में पकी हुई चावल की बाइट्स डाल दें.
- इन्हें बहुत हल्के हाथों से चलाएं ताकि मसाले अच्छी तरह कोट हो जाएं और बाइट्स टूटे नहीं.
- करीब 1 मिनट तक भूनने के बाद गैस बंद कर दें.
- तैयार गरमा-गरम बाइट्स को प्लेट में निकालें.
- ऊपर से बारीक कटा हुआ हरा धनिया और अनार के दाने डालकर सजाएं.
- यह दिखने में जितना शानदार लगता है, खाने में उससे कहीं ज्यादा स्वादिष्ट होता है.
इसे भी पढ़ें: प्रोटीन वाली रोटी कैसे बनाएं? आटे में मिला दें ये जादुई चीज, कभी नहीं होगी प्रोटीन की कमी
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Food News