सर्दियां आते ही भारतीय घरों में एक चीज को खूब देखने को मिलती है वो है साग. क्योंकि सर्दी में सरसों का साग और मक्के की रोटी न खाई, तो सर्दी अधूरी सी लगती है. लेकिन सरसों का साग बनाना, मतलब 2 घंटे का काम. साग काटना, धोना, पकाना, फिर मथना, फिर तड़का लगाना. इसीलिए बहुत लोग घर पर बनाते ही नहीं, बाजार से मंगा लेते हैं. मास्टर शेफ पंकज भदौरिया ने इस बार ऐसी ट्रिक बताई है, कि वही पंजाबी वाला असली स्वाद, सिर्फ 30 मिनट में आ जाएगा और मक्के की रोटी भी ऐसी बनेगी, जो बेलते टाइम टूटेगी नहीं, फटेगी नहीं, एकदम सॉफ्ट बनेगी. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी.
कैसे बनाएं सरसों का साग- (How To Make Sarson Saag In Pressure Cooker)
सामग्री-
- सरसों का साग
- पालक
- बथुआ
- प्याज
- अदरक
- लहसुन
- हरी मिर्च
- पानी
विधि-
- सबसे पहले सरसों, पालक, बथुआ को तोड़ लें. डंठल अलग कर दें, पत्ते अलग कर लें. शेफ की पहली ट्रिक यहीं है साग धोते टाइम कभी भी पानी मत छानिए. पानी को गिराकर साग न धोइए.
- हमेशा एक बड़े बर्तन में पानी लें, साग को पानी में डुबोइए, फिर साग को ऊपर उठा लें. क्यों? क्योंकि मिट्टी नीचे बैठ जाती है अगर आप पानी छानेंगे, तो मिट्टी फिर से साग पर आ जाएगी. इसलिए साग को पानी से उठाइए, पानी को न गिराइए.
- 2-3 बार ऐसे ही धो लें. साग एकदम साफ हो जाएगा.
- अब साग को थोड़ा-थोड़ा करके चॉपर में डालिए, डोरी खींचिए, 2 मिनट में सारा साग कट जाएगा.
- अब कटे हुए साग को प्रेशर कुकर में डाल लें. इसमें 1 कप पानी, 2 प्याज काटकर डालें और 2 इंच अदरक डाल दें. 10-12 लहसुन की कलियां 2-3 हरी मिर्च डालकर कुकर का ढक्कन बंद दें. सिर्फ 3 सीटी लगाइए. बस, साग पक गया.
- जब तक साग कुकर में पक रहा है, तब तक तड़का तैयार कर लें. एक कड़ाही में 3 बड़े चम्मच देसी घी, जीरा, अदरक, लहसुन, हरी मिर्च डालकर हल्का गोल्डन होने तक भूने.
- अब इसमें बारीक कटा प्याज डालकर गोल्डन होने तक भुने. प्याज भूनते टाइम आधा चम्मच नमक डाल दे. इससे प्याज जल्दी गलेगा, और जल्दी ब्राउन भी होगा.
- अब इसमें 1 बड़ा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डाल दें. इससे रंग बहुत अच्छा आएगा. अब इसमें 1 कप बारीक कटे टमाटर डालकर पकाएं.
- अब कुकर खोले, साग पक गया है, कुकर में ही हैंड ब्लेंडर चला दीजिए. इससे साग एकदम स्मूथ हो जाएगा.
- अब इस साग को मसाले वाली कड़ाही में डाल दें. धीमी आंच पर पकने दें. साग में मक्के का आटा लें. थोड़ा-थोड़ा करके मक्के का आटा छिड़कते जाइए, और चलाते जाइए. मक्के का आटा डालने से साग में क्रीमीनेस आएगी, और साग गाढ़ा भी होगा.
- आखिर में एक फाइनल तड़का लगाइए. घी में सूखी लाल मिर्च, लहसुन, कश्मीरी मिर्च डालकर, साग के ऊपर डाल दें. साग बनकर तैयार है.
यहां देखें वीडियो-
मक्के की रोटी कैसे बनाएं- (How To Make Makke Ki Roti)
मक्के के आटे में नमक डाल कर इसमें गरम पानी डाल दें. गरम पानी से ही गूंथना है, ठंडे पानी से नहीं. अब चम्मच से मिला लें. अब इसको 5 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें. इससे मक्के का स्टार्च फूल जाएगा, आटा ठंडा भी हो जाएगा. अब हाथ से अच्छी तरह गूंथिए, जब तक स्मूथ आटा न बन जाए. अब रोटी बेलने की ट्रिक -
अगर आपको हाथ से रोटी बनाने में दिक्कत होती है, तो बेकिंग पेपर या बटर पेपर लें. दो पेपर के बीच में लोई रखिए, बेलन से बेलिए. रोटी एकदम पतली बेल जाएगी, टूटेगी भी नहीं, फटेगी भी नहीं. अब मीडियम गरम तवे पर रोटी सेंकिए. दोनों तरफ से सेंकिए. गरम-गरम रोटी पर खूब सारा देसी घी लगाइए. बस, हो गया सरसों का साग, मक्के की रोटी, साथ में गुड़, मक्खन, प्याज, हरी मिर्च के साथ सर्व करें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं