सर्दियों का मौसम यानि तरह-तरह के साग और रंग बिरंगी सब्जी का मौसम. ठंड शुरू होते ही ज्यादातर भारतीय घरों में सरसों का साग और मक्के की रोटी बनना शुरू हो जाती है. वैसे तो सरसों का साग और मक्के की रोटी पंजाब की पारंपरिक डिश है. लेकिन इसके स्वाद और फायदे के कारण इसे पूरे भारत में पसंद किया जाता है. सरसों का साग विटामिन, फाइबर और आयरन जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है. अगर आप भी ढाबे या रेस्टोरेंट जैसा सरसों का साग घर पर बनाना चाहते हैं, तो इस रेसिपी को जरूर ट्राई करें.
किन गलतियों को करने से बचें-
- केवल सरसों के पत्तों का इस्तेमाल न करें.
- ज्यादा पानी न डालें.
- साग को तुरंत सर्व न करें.
- मक्के का आटा ज्यादा न डालें.
कैसे बनाएं स्वादिष्ट सरसों का साग-
सामग्री-
- सरसों के पत्ते- 500 ग्राम
- पालक- 250 ग्राम
- बथुआ- 250 ग्राम
- हरी मिर्च- 3 से 4
- अदरक- 1 इंच का टुकड़ा
- लहसुन- 10 से 12 कलियां
- प्याज- 1 बारीक कटा हुआ
- टमाटर- 2 मध्यम आकार के
- मक्के का आटा- 2 बड़े चम्मच
- घी या मक्खन- 2 से 3 बड़े चम्मच
- जीरा- 1 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
विधि-
- सरसों का साग बनाने के लिए सबसे पहले सरसों, पालक और बथुआ के पत्तों को अच्छी तरह धो लें ताकि उनमें मौजूद मिट्टी पूरी तरह निकल जाए.
- अब इन्हें मोटा-मोटा काट लें. एक बड़े कुकर या गहरे बर्तन में सभी पत्तों के साथ हरी मिर्च और थोड़ा सा अदरक डालें. आधा कप पानी मिलाकर मध्यम आंच पर पकाएं.
- जब पत्तियां अच्छी तरह गल जाएं तो उन्हें थोड़ा ठंडा होने दें. इसके बाद मिक्सर में हल्का दरदरा पीस लें.
- ध्यान रखें कि साग को बिल्कुल महीन पेस्ट न बनाएं. इससे इसका स्वाद और निखर कर और बेहतर होता है.
- अब इस मिश्रण में मक्के का आटा डालकर अच्छी तरह मिला लें. मक्के का आटा साग को गाढ़ापन देता है और उसका स्वाद भी बढ़ाता है.
- मिश्रण को धीमी आंच पर 15 से 20 मिनट तक पकने दें. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि साग जले नहीं.

क्या है सीक्रेट-
एक कड़ाही में घी या सफेद मक्खन गर्म करें. इसमें जीरा डालें. जब जीरा चटकने लगे तब बारीक कटा लहसुन और अदरक डालकर गोल्डन होने तक भूनें. अब प्याज डालें और हल्का ब्राउन होने तक पकाएं. इसके बाद कटे हुए टमाटर डालें और मसाले के साथ अच्छी तरह गलने दें. अब लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें. तैयार मसाले को उबलते हुए साग में मिला दें और लगभग 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें. इस दौरान साग का स्वाद और भी निखर जाता है.
ये बात न भूलें-
अगर आप बिल्कुल पंजाबी ढाबा स्टाइल स्वाद चाहते हैं तो साग सर्व करते समय ऊपर से एक चम्मच सफेद मक्खन या देसी घी जरूर डालें. इसे आप मक्के की रोटी के साथ सर्व करें.
सरसों का साग खाने के फायदे-
- इम्यूनिटी मजबूत बनाने में मददगार.
- आयरन और कैल्शियम का अच्छा सोर्स.
- सर्दियों में शरीर को अंदर से गर्म रखने में मददगार.
- पाचन के लिए अच्छा.
ये भी पढ़ें- बिना उबाले आंवले का अचार कैसे बनाएं? इस सीक्रेट तरीके से महीनों तक नहीं होगा खराब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं