सर्दियां आते ही हमारी थाली का स्वाद भी बदल जाती है. इस मौसम में मार्केट में आपको खूब हरी सब्जियां देखने को मिलेंगी जैसे, मेथी, बथुआ, पालक, सरसों, मोरिंगा. जो न सिर्फ आपकी थाली को रंगीन बनाती हैं बल्कि, स्वाद और सेहत से भी भरपूर हैं. क्या आप भी रोज-रोज वही रोटी-सब्जी खाकर ऊब गए हैं, या बच्चे हरी सब्जी का नाम सुनते ही नाक सिकोड़ लेते हैं, तो अपनी रेगुलर रोटी को ही हेल्दी बना दें, जिसे न सिर्फ बड़े बल्कि बच्चे भी चाव से खाएंगे. तो चलिए जानते हैं ठंड में कैसे बनाएं सेहतमंद रोटियां.
स्वाद और पोषण से भरपूर रोटियां- (3 Green Leaves Healthy Roti For Winter)
1. मेथी की रोटी कैसे बनाएं-
सबसे पहले 2 कप आटे में 1 कप बारीक कटी मेथी मिला लें, मेथी को पहले धोकर, काटकर, थोड़ा सा निचोड़ लें, ताकि उसका पानी निकल जाए. अब आटे में नमक, अजवाइन, थोड़ी सी हल्दी डालकर गूंथ लीजिए. मेथी की रोटी को घी लगाकर, दही के साथ खाइए. स्वाद के साथ सेहत भी रहेगी दुरुस्त.
फायदे- मेथी में फाइबर बहुत होता है. ये ब्लड शुगर को कंट्रोल में रखती है. जिनको डायबिटीज है, उनके लिए मेथी की रोटी सबसे अच्छी मानी जाती है. मेथी में आयरन भी होता है, जो खून की कमी को दूर कर सकता है.

2. बथुआ के पत्ते की रोटी-
सबसे पहले बथुआ को धोकर, बारीक काटकर लें. 2 कप आटे में 1 कप बारीक कटा बथुआ मिला लें. इसमें लहसुन, हरी मिर्च, अजवाइन भी डाल दें. बथुआ की रोटी थोड़ी नरम होती है. इसको धीमी आंच पर सेंकिए. घी के साथ खाइए.
फायदे- बथुआ में कैल्शियम बहुत होता है. कैल्शियम हड्डियों को मजबूत करता है. जिनके घुटने दुखते हैं, हड्डियां कमजोर हैं, उनके लिए बथुआ की रोटी एकदम दवा की तरह काम कर सकती है. इतना ही नहीं बथुआ पेट के लिए भी अच्छा माना जाता है. बथुआ में विटामिन A, विटामिन C भी होता है, जो इम्यूनिटी बढ़ाता है, सर्दी-जुकाम से बचाता है.
3. मोरिंगा के पत्ते की रोटी-
सबसे पहले मोरिंगा के पत्ते लेकर धो लें. ये थोड़े कड़वे होते हैं, इसलिए इसको ज्यादा न डालें. 2 कप आटे में आधा कप बारीक कटे मोरिंगा के पत्ते ही काफी हैं. इसमें थोड़ा सा बेसन भी मिला दीजिए, तो रोटी और टेस्टी बनेगी, कड़वाहट भी कम लगेगी. मोरिंगा की रोटी को दही या अचार के साथ खाइए.
फायदे- मोरिंगा, यानी सहजन के पत्ते को सुपरफूड कहा जाता है. कहा जाता है कि मोरिंगा में दूध से ज्यादा कैल्शियम होता है, केले से ज्यादा पोटैशियम होता है, संतरे से ज्यादा विटामिन C होता है. मोरिंगा में आयरन भी बहुत होता है. जिनको खून की कमी है, थकान रहती है, बाल झड़ते हैं, उनके लिए मोरिंगा की रोटी बेस्ट है.
तीनों पत्तों की रोटी एक साथ कैसे बनाएं-
तीनों पत्तों को थोड़ा-थोड़ा मिलाकर भी आटा गूंथ सकते हैं. तीनों पत्तों वाली रोटी के लिए 2 कप आटा लें. उसमें आधा कप मेथी, आधा कप बथुआ, चौथाई कप मोरिंगा मिला दें. अब इसमें नमक, अजवाइन, जीरा, हरी मिर्च, लहसुन का पेस्ट, थोड़ी सी हल्दी डाल देंय अब आटे को नरम गूंथ लें. 10 मिनट रखकर, रोटी बेलकर सेक लें. ये रोटी दिखने में हरी-हरी लगेगी, खाने में एकदम टेस्टी लगेगी.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढ़ें- गाजर और हरी मिर्च का अचार कैसे बनाएं? जानें विंटर स्पेशल चटपटा अचार बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं