रक्षाबंधन भाई-बहन के प्यार और मिठास का प्रतीक माना जाता है. ऐसे मौके पर घर पर कुछ मीठा बनाना तो जरूरी है. लेकिन मार्केट में मिलने वाले मावा में मिलावट के डर से मिठाई बनाने में डर लगना भी काफी स्वाभाविक हो चुका है. अगर आप भी मार्केट के मावे से मिठाई नहीं बनाना चाहते हैं, तो ब्रेड के कुछ स्लाइस से स्वादिष्ट गुलाब जामुन तैयार करें. ये काफी अच्छा विकल्प है. यहां हम आपको सिर्फ 3 इंग्रीडिएंट्स से बनने वाली स्वादिष्ट गुलाब जामुन की रेसिपी बताएंगे. यहां जानते हैं रेसिपी-
ब्रेड से गुलाब जामुन कैसे बनाएं?
आवश्यक सामग्री
- ब्रेड स्लाइस - 8-10
- दूध - आधा कप
- चीनी - 1 कप
विधि
- ब्रेड से गुलाब जामुन तैयार करने के लिए सबसे पहले चाशनी तैयार कर लें. इसके लिए एक पैन में 1 कप चीनी और 1 कप पानी डालकर गैस पर चढ़ाएं. फिर 10 से 15 मिनट तक पकाएं, जब चाशनी तैयार हो जाए, तो गैस बंद कर लें.
- चाशनी को एक साइड में रखकर ब्रेड के किनारों को काटकर अलग कर दें. अब ब्रेड को हाथों से अच्छी तरह मसल लें. इसमें थोड़ा-थोड़ा दूध डालते हुए नरम आटा तैयार करें. इस बात का ध्यान रखें कि मिश्रण ज्यादा न सूखा हो और न ही बहुत ज्यादा गीला हो.
- तैयार मिश्रण से छोटे-छोटे चिकने गोले बनाएं. इनमें किसी तरह की दरार नहीं होनी चाहिए. दरारे होने पर तलते समय ये टूट सकते हैं. फिर कढ़ाई में तेल या घी गर्म करें और मीडियम फ्लेम पर इसे सुनहरा होने तक फ्राई करें.
- तले हुए गर्म गुलाब जामुन को तैयार चाशनी में डाल दें. इन्हें कम से कम 1 घंटे तक चाशनी में रहने दें, ताकि ये अंदर तक चाशनी सोख लें और मुलायम बन जाएं.
कुछ टिप्स
अगर आप इसका स्वाद बढ़ाना चाहते हैं, तो इलायची पाउडर, गुलाब जल या केसर चाशनी में मिला सकते हैं. सर्व करते समय ऊपर से पिस्ता या बादाम की कतरन डालें.
ये भी पढ़ें - आज क्या बनाऊं: न मावा, ना चीनी! सिर्फ 1 नारियल से बनाएं डब्बा भर मिठाई, स्वाद ऐसा कि बार-बार मांगेंगे मेहमान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं