नेपाल में बुधवार को आई विनाशकारी बाढ़ का एक और खौफनाक वीडियो सामने आया है. यह वीडियो नेपाल में आई इस भीषण जल प्रलय को सबसे करीब से देखने वाले लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया है. इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पीछे से भीषण तबाही आ रही है और आगे लोग जान बचाने को भागते नजर आ रहे हैं. वीडियो में मजदूर जान बचाने को भागते नजर आ रहे हैं. मालूम हो कि नेपाल में बुधवार को अचानक बाढ़ के कारण अभी तक 162 लोगों की मौत हो गई है. वहीं, 41 घायल लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है. नेपाल पुलिस ने गुरुवार सुबह इसकी पुष्टि की.
नेपाल पुलिस ने बताया अभी तक 162 शव बरामद
नेपाल पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि 162 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं. नेपाल पुलिस के अनुसार, रसुवा में 2, नुवाकोट में 12, धादिंग में 27, चितवन में 64, गोरखा में 20, तनहुं में 9, एनपी पूर्व में 26 और एनपी पश्चिम में 2 लोगों के शव मिले हैं.
नेपाल पुलिस ने 'एक्स' पोस्ट में कहा कि 41 घायल लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है. 20 त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग हॉस्पिटल में, 4 ट्रॉमा सेंटर में, 3 बीर हॉस्पिटल में, 1 बीरेंद्र सैनिक हॉस्पिटल में, 1 ग्रीन सिटी में, 3 नॉर्विक हॉस्पिटल में और 9 लोग त्रिशूली हॉस्पिटल में भर्ती हैं.
700 से अधिक लोग लापता
रिपोर्ट्स में दावा है कि अभी 700 से अधिक लोग लापता हैं. नेपाल पुलिस के अनुसार, 28 पुलिसकर्मियों से भी अब तक संपर्क नहीं हो पाया है. नेपाल पुलिस ने रसुवा जिले की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक तिमुर में 23 में से 13 कर्मचारी, रसुवागढ़ी में 9 में से 1 कर्मचारी, स्यापुर्बेँसी में 8 में से 5 कर्मचारी, मैलुंग में 8 में से 3 कर्मचारी, बेत्रावती में 10 में से 9 कर्मचारी, हाकु में 6 में से 5 कर्मचारियों से ही संपर्क किया गया है.
भोटेकोशी नदी में आया सैलाब
नेपाल में बुधवार को बाढ़ का पानी सुबह करीब 9 बजे (स्थानीय समय) भोटेकोशी नदी में तेजी से बढ़ा. बताया जा रहा है कि यह पानी तिब्बत की तरफ से आया था. नेपाल सेना ने एक बयान में कहा कि पानी के अचानक बढ़ने से रसुवा जिले के तिमुरे और पास के स्याफ्रुबेसी इलाके में भारी तबाही हुई, जिसमें गाड़ियां, सामान और अन्य संपत्तियां बह गईं.
यह भी पढ़ें - नेपाल में आई भीषण बाढ़ की क्या थी वजह? ISRO ने आपदा से पहले और बाद की सैटेलाइट तस्वीरों से बताई पूरी कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं