रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का त्योहार है. इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती हैं और उसकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हैं. वहीं, भाई भी बहन की रक्षा का वचन देता है. इस साल रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त, शुक्रवार को मनाया जाएगा. त्योहार की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, लेकिन राखी बांधने से पहले शुभ समय जानना भी जरूरी माना जाता है. आइए ज्योतिषाचार्य से जानते हैं कल राखी बांधने का शुभ समय क्या रहेगा-
सुबह इस समय बांधें राखी
ज्योतिषाचार्य डॉक्टर गौरव कुमार दीक्षित के अनुसार, कल राखी बांधने का मुख्य शुभ मुहूर्त सुबह 5 बजकर 57 मिनट से 9 बजकर 48 मिनट तक रहेगा. पंचांग के अनुसार, इसी समय के बीच राखी बांधना सबसे शुभ रहेगा. ज्योतिषाचार्य कहते हैं, शुभ मुहूर्त में किए गए कार्यों से सकारात्मकता और मंगल की कामना जुड़ी होती है. इसलिए रक्षाबंधन पर भी बहनें शुभ समय का ध्यान रखें. राखी बांधते समय पहले भाई का मुंह पूर्व या उत्तर दिशा की तरफ कर तिलक करें. इसके बाद अक्षत लगाएं, आरती करें और फिर रक्षा सूत्र बांधें.
राहुकाल में नहीं बांधनी चाहिए राखीज्योतिषाचार्य आगे बताते हैं, रक्षाबंधन के दिन राहुकाल सुबह 10 बजकर 54 मिनट से दोपहर 12 बजकर 28 मिनट तक रहेगा. परंपरागत ज्योतिष मान्यताओं में इस समय को शुभ कामों के लिए अनुकूल नहीं माना जाता है. इसलिए इस समय में राखी बांधने से बचें.
चंद्र ग्रहण का क्या रहेगा असर?28 अगस्त को साल का आखिरी चंद्र ग्रहण भी लगेगा. ग्रहण सुबह 8 बजकर 4 मिनट से दोपहर 11 बजकर 22 मिनट तक रहेगा. इस दौरान चंद्रमा कुंभ राशि में स्थित रहेगा. हालांकि, यह आंशिक चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा. इसलिए भारत में इसका सूतक काल भी मान्य नहीं माना जाएगा. इसका मतलब है कि ग्रहण के कारण धार्मिक कार्यों पर रोक नहीं रहेगी और लोग सामान्य पूजा-पाठ तथा अन्य शुभ कार्य कर सकेंगे.
यह भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर 96% ढक जाएगा चंद्रमा, जानिए कहां-कहां दिखेगा चंद्र ग्रहण और भारत में कितने बजे होगा शुरू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं