विज्ञापन
20 days ago

Nepal Flash Floods LIVE Updates: नेपाल में बुधवार को आई अचानक बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है. भोटे कोशी नदी में आए तेज सैलाब ने लोगों, घरों, गाड़ियों और पुल-पावर प्रोजेक्ट जैसे जरूरी ढांचे को अपनी चपेट में ले लिया. अब तक कम से कम 389 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 750 लोग लापता हैं. लापता लोगों में 288 भारतीय पर्यटक भी शामिल हैं. नेपाल सेना ने बताया कि बचाव और राहत कार्यों के लिए 14 हेलीकॉप्टर और आपदा राहत टीमें तैनात की गई हैं. तिब्बत की तरफ से आती हुई बाढ़ की लहरें बुधवार सुबह करीब 9 बजे (स्थानीय समय) भोटे कोशी नदी में तेजी से बढ़ीं. लोगों को मौका तक नहीं मिला.

इसरो और US जियोलॉजिकल सर्वे का कहना है कि नेपाल और तिब्बत में ग्लेशियर के ढहने से भूकंप जैसी हलचल हुई और निचले इलाकों में तबाही सैलाब के रूप में पहुंची. 26 अगस्त को सुबह 8:37 बजे नेपाल और चीन की सीमा के पास 5.2 तीव्रता का भूकंप आया था और फिर तबाही का चेन रिएक्शन शुरू हुआ.

नेपाल सेना ने एक बयान में कहा कि पानी के अचानक बढ़ने से रसुवा जिले के तिमुरे और आस-पास के स्याफ्रुबेसी इलाके में भारी तबाही हुई, जिसमें लोगों के साथ-साथ गाड़ियां, सामान और अन्य संपत्तियां बह गईं. नेपाल प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा है कि विनाशकारी बाढ़ को देखते हुए बचाव और राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए रसुवा और आस-पास के इलाकों में नेपाल सेना, आर्म्ड पुलिस फोर्स और नेपाल पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है. भारत ने भी नेपाल के लिए 10 टन राहत सामग्री और जरूरी दवाएं भेजी हैं, राहत अभियान के लिए भारतीय वायुसेना का C-130J विमान नेपाल भेजा गया है. 

Nepal Flash Floods LIVE: Follow Latest Rescue, Relief, Missing Persons And Weather Updates

नेपाल में 13 हजार जवान तैनात; 573 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद सरकार ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है. प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने बताया कि नेपाल सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल के कुल 13,295 सुरक्षाकर्मियों को अभियान में लगाया गया है. बुधवार को 69 हवाई उड़ानों के जरिए 573 लोगों को सुरक्षित निकाला गया. प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त हेलीकॉप्टर भी तैनात किए गए हैं.

रासुवा, नुवाकोट और धाडिंग समेत कई इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है. लगभग 3,500 लोगों के लिए स्कूलों और सामुदायिक भवनों में अस्थायी आवास की व्यवस्था की गई है. सरकार ने राहत कार्यों के लिए करोड़ों नेपाली रुपये जारी किए हैं और खाद्य सामग्री, कंबल, गद्दे व अन्य जरूरी सामान से भरे 10 ट्रक प्रभावित क्षेत्रों में भेजे हैं. नेपाल रेड क्रॉस समेत कई स्वयंसेवी संगठन भी राहत अभियान में जुटे हुए हैं.
 

नेपाल में अब तक हुई 359 लोगों की मौत

नेपाल में बुधवार को आई अचानक बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है. भोटे कोशी नदी में आए तेज सैलाब ने लोगों, घरों, गाड़ियों और पुल-पावर प्रोजेक्ट जैसे जरूरी ढांचे को अपनी चपेट में ले लिया. अब तक इसमें 359 लोगों की मौत हो चुकी है.
 

 

नेपाल घूमने गए थे गुजरात के दंपती बाढ़ में लापता

नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बीच गुजरात के आणंद जिले के रहने वाले बिमलभाई पटेल और जेमीनाबेन पटेल लापता बताए जा रहे हैं. दोनों पिछले करीब 20 वर्षों से अमेरिका में रह रहे थे और कुछ समय पहले भारत आए थे. भारत आने के बाद वे नेपाल घूमने गए थे. इसी दौरान आई बाढ़ के बाद से उनका परिवार से संपर्क टूट गया है. उनके बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है. लापता होने की खबर से परिवार और रिश्तेदारों में चिंता बढ़ गई है. परिजन लगातार संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं और उनकी सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं.
 

तमिलनाडु के 21 भारतीय नागरिकों को बचाया

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ट्वीट किया, "तमिलनाडु के 21 भारतीय नागरिकों को, जो कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए थे, नेपाल में सुरक्षित बचा लिया गया है."
 

Nepal Flash Floods LIVE: 823 लोगों से संपर्क नहीं हो पा रहा है

नेपाल की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने बताया कि तिब्बत से सटे सीमावर्ती इलाके में आई विनाशकारी बाढ़ के 24 घंटे से ज़्यादा समय बीतने के बाद भी गुरुवार को 823 लोगों से संपर्क नहीं हो पाया है. एजेंसी ने एक अपडेट में बताया कि इन 823 लोगों में कम से कम 579 पर्यटक शामिल हैं, जिनमें नेपाली और विदेशी दोनों हैं. नेपाल और चीन, दोनों जगहों पर कम से कम 165 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 558 लोग लापता बताए जा रहे हैं.

(AFP)

Nepal Flash Floods LIVE: दलाई लामा ने नेपाल बाढ़ में मारे गए लोगों के लिए प्रार्थना की

बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा ने नेपाल में अचानक आई बाढ़ के पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने एक बयान में कहा, "मैं उन सभी लोगों के लिए प्रार्थना करता हूं जिनकी जान चली गई है, और शोक संतप्त परिवारों तथा इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी सहानुभूति और गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं."
 

Nepal Flash Floods LIVE: नेपाल में जानलेवा बाढ़ में लापता 1,000 लोगों की तलाश जारी

नेपाल-तिब्बत बॉर्डर पर अचानक आई बाढ़ और जमीन खिसकने की घटनाओं में कम से कम 165 लोगों की मौत हो गई और पूरे के पूरे गांव बह गए. अब वहां लापता 1,000 से ज्यादा लोगों को खोजने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है.

Nepal Flash Floods LIVE: नेपाल बाढ़ में अब तक 116 लोगों को बचाया गया, जिनमें 21 भारतीय शामिल हैं

प्रधानमंत्री बालेन शाह ने एक बयान में कहा कि आज सुबह नेपाली सेना के बचाव अभियान में रसुवा के तिमुरे से 116 लोगों को सुरक्षित बचाया गया. बचाए गए लोगों में 95 नेपाली नागरिक और 21 भारतीय नागरिक हैं. इसके अलावा, एक सुरंग में फंसे 7 नेपाली नागरिकों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. उन्होंने कहा, "राहत का जरूरी सामान तेजी से पहुंचाने की कोशिशें जारी हैं. प्रभावित इलाकों में जनरेटर, पोर्टेबल मोबाइल टावर, मेडिकल का सामान, टेंट, लोहा और पत्थर काटने वाली मशीनें और अन्य जरूरी चीजें भेजी जा रही हैं."

Nepal Flash Floods LIVE: नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या 162 हुई

न्यूज एजेंसी पीटीई ने बताया कि एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 162 हो गई है.

Nepal Flash Floods LIVE: प्रभावित इलाकों में भारत की भेजी मदद पहुंचनी शुरू हो गई है

नेपाल की भोटेकोशी नदी इलाके में आई भयानक बाढ़ पर गहरी चिंता जताते हुए, विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा है कि भारत लापता भारतीय नागरिकों का पता लगाने और उन्हें बचाने के लिए नेपाल सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा है. न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए, विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा, "हमें नेपाल में अचानक आई बाढ़ की खबरें मिल रही हैं; कई लोगों की जान चली गई है और बहुत से लोग लापता हैं. लापता लोगों में भारत के लगभग 130 से 133 लोग शामिल हैं जिनसे संपर्क टूट गया है. हमारी राष्ट्रीय राहत टीमें मौके पर मौजूद हैं और खोज व बचाव कार्यों में सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं. हम नेपाल सरकार के साथ मिलकर ज़्यादा से ज़्यादा लोगों का पता लगाने, उन्हें सुरक्षित स्थान पर लाने और खतरे से बचाने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं. प्रभावित इलाकों में मदद पहुंचनी शुरू हो गई है."

Nepal Flash Floods LIVE: नेपाल में कोलकाता का 32 सदस्यों वाला ग्रुप भी लापता

एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद पश्चिम बंगाल के कई लोगों के साथ-साथ कोलकाता का 32 सदस्यों वाला एक ग्रुप भी लापता हो गया है, जो कैलाश-मानसरोवर यात्रा पर गया था. उन्होंने बताया कि 30 पर्यटकों और दो टूर मैनेजरों वाला यह ग्रुप 21 अगस्त को शहर से निकला था और अगले दिन नेपाल पहुंच गया था. ग्रुप तिब्बत में प्रवेश करने के लिए सुबह रसुवागढ़ी पहुंचा. उन्होंने आगे बताया कि जब नेपाल-तिब्बत सीमा के पास के इलाके में अचानक बाढ़ आई, तो ग्रुप के सदस्य सुबह करीब 8.30 बजे इमिग्रेशन ऑफिस में थे.

Nepal Flash Floods LIVE: RSS ने दुख जताया और कहा कि मदद के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने नेपाल में अचानक आई बाढ़ से हुई जान-माल की भारी क्षति पर गहरा दुख व्यक्त किया है और कहा है कि संगठन पीड़ितों को हर संभव मदद देने के लिए तैयार है. संगठन ने एक्स पर कहा, "हम इस आपदा के पीड़ितों की मदद के लिए तैयार हैं और सहायता पहुंचाने की हर संभव कोशिश करेंगे. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सभी लोगों से अपील करता है कि वे इस अभूतपूर्व स्थिति में हर संभव मदद के लिए आगे आएं."

Nepal Flash Floods LIVE: अचानक आई बाढ़ ने नेपाल को कैसे किया तबाह

 

Nepal Flash Floods LIVE: USGS ने बताया- ग्लेशियर के ढहने से भूकंप जैसी हलचल हुई और नेपाल में भयानक बाढ़ आई

US जियोलॉजिकल सर्वे ने गुरुवार को कहा कि नेपाल और तिब्बत में ग्लेशियर के ढहने से भूकंप जैसी हलचल हुई और निचले इलाकों में "भयानक" असर पड़ा. एजेंसी ने कहा कि भूकंप के तौर पर बताई गई हलचल असल में ग्लेशियर के ढहने और मलबे के बहाव की घटना थी, जिसके कारण बाद में निचले इलाकों में भयानक असर हुआ.

बुधवार तड़के हुई इस आपदा की वजह तुरंत साफ नहीं हो पाई थी, लेकिन नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने कहा था कि शायद भूकंप की वजह से जमीन खिसकी (लैंडस्लाइड) होगी, जिससे नदी का रास्ता रुक गया और पानी तेजी से नीचे की ओर बहने लगा. इसके अलावा, कुछ और कारण भी बताए गए, जैसे ग्लेशियर की झील में बाढ़ आना. ऐसा तब होता है जब ग्लेशियर के पिघले पानी को रोके रखने वाली कमजोर मलबे की दीवार टूट जाती है. या फिर बर्फ का अचानक तेजी से नीचे गिरना (आइस एवलांच). अब USGS ने बताया कि 26 अगस्त को स्थानीय समय के अनुसार सुबह 8:37 बजे नेपाल और चीन की सीमा के पास 5.2 तीव्रता का भूकंप आया था. 

शुरुआत में इस घटना को 4.4 तीव्रता का भूकंप बताया गया था. आस-पास के भूकंप मापी केंद्रों, लंबी अवधि वाली भूकंपीय तरंगों और सैटेलाइट तस्वीरों के और विश्लेषण से यह पता चला कि यह भूकंप नहीं, बल्कि ग्लेशियर के ढहने और मलबे के बहाव की घटना थी.

Nepal Flash Floods LIVE: नेपाल-तिब्बत में बाढ़ से कम से कम 160 लोगों की मौत; लापता लोगों की तलाश जारी

बुधवार को तिब्बत से शुरू हुई जबरदस्त अचानक आई बाढ़ ने मध्य नेपाल में कई कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया, अहम पुल बहा दिए और एक दर्जन जल-विद्युत परियोजनाओं को ठप कर दिया. इस घटना में अबतक लगभग 160 लोग मारे गए और 133 भारतीय नागरिकों समेत 750 से ज्यादा लोग लापता हैं.

 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nepal Flash Floods LIVE, Nepal Flood News, Bhote Koshi River Flood, Rasuwa Flood Updates
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com