विज्ञापन

सर्दियों में खाएं रागी और मोरिंगा के पत्तों की रोटी, दिनभर रहेंगे एनर्जेटिक, नोट करें रेसिपी

सर्दियों में अगर आप कुछ अलग और हेल्दी खाना चाहते हैं, तो रागी और मोरिंगा से बनी रोटी एक बार जरूर ट्राई करें. यहां जानते हैं रेसिपी-

सर्दियों में खाएं रागी और मोरिंगा के पत्तों की रोटी, दिनभर रहेंगे एनर्जेटिक, नोट करें रेसिपी
Ragi and Moringa Roti : रागी और सहजन के पत्तों से तैयार करें रोटी

सर्दियों में अगर रोज-रोज पराठे, ब्रेड या पोहा खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार नाश्ते में कुछ नया और पौष्टिक ट्राई करें. रागी और सहजन के पत्तों से बनी यह हेल्दी रोटी स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी ख्याल रखती है. कैल्शियम, फाइबर और जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर रागी को सहजन के पत्तों के साथ मिलाकर बनाई गई यह रोटी सर्द मौसम में शरीर को ऊर्जा देने का काम करती है.

सबसे अच्छी बात यह है कि यह रेसिपी कम समय में तैयार हो जाती है और इसके लिए किसी खास सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. घर में मौजूद सामान्य मसालों और कुछ ताजी सामग्री से आप आसानी से यह पौष्टिक नाश्ता तैयार कर सकते हैं. इसे हरी चटनी, दही या अचार के साथ परोसकर स्वाद को और भी बढ़ाया जा सकता है. इस हेल्दी रेसिपी को यूट्यूब चैनल Bhusanur.cooking से ली गई है. यहां जानते हैं रागी रोटी बनाने का तरीका क्या है?

वीडियो में देखें रेसिपी...

रागी और सहजन की रोटी कैसे बनाएं?

आवश्यक सामान

  • रागी का आटा - 2.5 कप 
  • ताजे सहजन के पत्ते - 1 कप 
  • बारीक कटा प्याज - 1 
  • सूखी लाल मिर्च के टुकड़े - 2 से 4 
  • नमक - स्वादानुसार 
  • कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल - 1/4 कप 
  • लहसुन - 1 बड़ा चम्मच 
  • जरूरत अनुसार गुनगुना पानी
  • रोटी सेंकने के लिए थोड़ा तेल

ऐसे तैयार करें आटा

एक बड़े बर्तन में रागी का आटा लें. इसमें बारीक कटा प्याज, सहजन के पत्ते, सूखी लाल मिर्च, नमक, नारियल और लहसुन डालें. सभी सामग्री को अच्छी तरह मिला लें. अब थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें.

आटा गूंथते समय सहजन के पत्तों और लहसुन को हाथों से हल्का मसल लें, ताकि उनका स्वाद अच्छी तरह आटे में मिल जाए. इसके बाद आटे को ढककर 25 से 30 मिनट के लिए रख दें.

रोटी बनाने का आसान तरीका

एक तवा या पैन गर्म करें और उसमें कुछ बूंदें तेल डालें. अब आटे की लोई बनाकर किसी साफ कपड़े या प्लास्टिक शीट पर हथेली की मदद से रोटी का आकार दें. तैयार रोटी को सावधानी से गर्म तवे पर डालें और कपड़ा हटा लें. रोटी को धीमी आंच पर लगभग 2 मिनट तक पकाएं. फिर पलटकर दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंक लें. इसी तरह बाकी आटे से सारी रोटियां तैयार कर लें. गरमा-गरम रागी और सहजन के पत्तों की रोटियां तैयार हैं. इन्हें हरी चटनी, दही या मक्खन के साथ सर्व करें और सर्दियों में हेल्दी नाश्ते का आनंद लें.

ये भी पढ़ें - गेहूं के आटे में इस तरह मिलाएं रागी, रोटियां बनेंगी फूली-फूली और सॉफ्ट, स्वाद भी होगा दोगुना

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Easy Recipe, Ragi Roti, Ragi Roti Calories, Ragi Roti Benefits, Drumstick
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com