जैसे ही मौसम करवट ले खुद को सेहतमंद रखने के लिए आप अपनी थाली में भी बदलाव करें. भारतीय घरों में आमतौर पर गेहूं के आटे का सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है. लेकिन सेहत के लिए कौन सा आटा सबसे अच्छा माना जाता है अगर आप भी इस बात को लेकर कंफ्यूज हैं, तो बिल्कुल सही जगह पर हैं क्योंकि आज हम आपको रागी और ज्वार के आटे के बारे में बता रहे हैं कि इनमें कौन सा आटा सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद माना जाता है. तो चलिए बिना किसी देरी के जानते हैं पोषण के मामले में कौन सा आटा है बेस्ट.
क्यों खास है ज्वार का आटा ?
ज्वार फाइबर, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट्स का अच्छा सोर्स है. इसमें ग्लूटेन नहीं होता, इसलिए जिन लोगों को ग्लूटेन से परेशानी होती है, उनके लिए यह बेहतर ऑप्शन हो सकता है. ज्वार का आटा लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती और वजन कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है.

क्यों रागी का आटा माना जाता है सुपरफूड?
रागी को कैल्शियम का अच्छा सोर्स माना जाता है. बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह फायदेमंद है क्योंकि, यह हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाने में मदद करता है. इसमें आयरन, फाइबर और अमीनो एसिड भी अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं.
वजन घटाने के लिए कौन सा आटा है बेहतर?
अगर आप वजन कम करना चाहते हैं, तो ज्वार और रागी दोनों ही अच्छे ऑप्शन हैं. ज्वार में फाइबर और प्रोटीन की मात्रा अच्छी होती है, जो भूख को कंट्रोल करने में मददगार है. वहीं रागी भी लंबे समय तक पेट भरा रखने में कारगर है.
हड्डियों और पोषण के लिए कौन सा आटा बेस्ट-
जब बात कैल्शियम की आती है तो रागी ज्वार से काफी आगे निकल जाती है. रागी में कैल्शियम की मात्रा अधिक होती है, जिससे यह हड्डियों की मजबूती के लिए बेहतरीन है. बढ़ते बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के लिए रागी का सेवन फायदेमंद माना जाता है. वहीं दूसरी ओर, ज्वार एंटीऑक्सीडेंट्स और एनर्जी देने वाले पोषक तत्वों के लिए अधिक जानी जाती है.
दोनों में से किसे चुनें?
ज्वार और रागी दोनों ही पोषण से भरपूर हैं और दोनों के अपने-अपने फायदे हैं. अगर आपका फोकस वजन घटाने, बेहतर पाचन और ग्लूटेन-फ्री ऑप्शन पर है, तो ज्वार चुन सकते हैं. वहीं हड्डियों को मजबूत बनाने, कैल्शियम की जरूरत पूरी करने और डायबिटीज मैनेजमेंट के लिए रागी एक बेहतर ऑप्शन साबित हो सकती है.
ये भी पढ़ें- सबसे ताकतवर जूस कौन सा है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं