बाजरा सूप रेसिपी
NDTV
ठंडी हवा चलने लगते ही शाम के वक्त अदरक वाली चाय या ब्लैक कॉफी का कप हाथ में आ जाता है, लेकिन क्या रोज का वही रूटीन ठीक है? कभी-कभी शरीर को कैफीन की जगह ऐसी चीज भी चाहिए होती है, जो पेट को हल्का रखे, अंदर से गर्माहट दे और थकान भी मिटाए. बाजरे का वेजिटेबल सूप इसी कमी को पूरा करता है. बाजरे की तासीर गरम मानी जाती है, इसलिए कड़ाके की ठंड में यह शरीर का तापमान संतुलित रखने में कमाल करता है. चलिए फिर देर किस बात कि है, जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी क्या है.
सामग्री:
- बाजरे का आटा (2 बड़े चम्मच)
- मिक्स सब्जियां (1 कप गाजर, फ्रेंच बीन्स, स्वीट कॉर्न, शिमला मिर्च, मटर)
- अदरक-लहसुन (1 छोटा चम्मच)
- हरी मिर्च (1 बारीक कटी हुई)
- प्याज (1 छोटा)
- देसी घी या मक्खन (1 छोटा चम्मच)
- काली मिर्च पाउडर (आधा छोटा चम्मच)
- भुना जीरा पाउडर (आधा छोटा चम्मच)
- सादा नमक और काला नमक (स्वादानुसार)
- पानी (लगभग 3 से 4 कप)
- नींबू का रस (1 छोटा चम्मच)
- ताजा हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
बनाने का तरीका:
- एक छोटी कटोरी में बाजरे का आटा लें और आधा कप पानी डालकर अच्छी तरह फेंट लें, ध्यान रखें कि इसमें कोई गुठली न रहे.
- कड़ाही या पैन में घी गरम करें, सबसे पहले प्याज, कद्दूकस अदरक-लहसुन और हरी मिर्च डालकर मीडियम आंच पर लगभग एक मिनट चलाएं ताकि कच्ची महक निकल जाए.
- अब फिर कटी हुई सब्जियां डालें और दो मिनट तक भूनें.
- पैन में 3 कप पानी डालें, साथ ही सादा नमक, काला नमक, भुना जीरा और काली मिर्च पाउडर मिला दें.
- ढककर या खुला रखकर पानी में अच्छा उबाल आने दें.
- उबलते पानी में आंच हल्की करें, एक हाथ से बाजरे की स्लरी धीरे-धीरे धार बनाकर डालते जाएं और दूसरे हाथ से करछी लगातार चलाते रहें, वरना आटा नीचे चिपक सकता है या गांठें पड़ सकती हैं.
- अब सूप को 5 से 7 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें.
- बीच-बीच में चलाते रहें ताकि यह तले में न लगे और हल्का गाढ़ा व मखमली हो जाए.
- अगर बहुत गाढ़ा लगे तो थोड़ा गरम पानी और मिलाया जा सकता है.
- गैस बंद करें, नींबू का रस और हरा धनिया डालकर हल्का सा मिलाएं.
- नींबू की खटास और भुने जीरे की खुशबू मिलकर इसे खास स्वाद देते हैं.
- गरमा-गरम कटोरे में परोसें और सर्दियों का मजा उठाएं.
इसे भी पढ़ें: कच्ची हल्दी का अचार कैसे बनाएं? कच्ची हल्दी और मिर्ची का स्वादिष्ट अचार बनाने का आसान तरीका
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Food News