बढ़ती उम्र के साथ हमारे शरीर की जरूरतें भी बदलने लगती हैं. खासकर 50 की उम्र पार करने के बाद मेटाबॉलिज्म धीमा होने लगता है, खाना पचाने में दिक्कत आती है, ब्लड शुगर को कंट्रोल करना मुश्किल हो जाता है और दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है. यही वजह है कि इस उम्र में सही खान-पान का ध्यान रखना सबसे ज्यादा जरूरी हो जाता है. अगर हम अपनी रोज की डाइट में थोड़े से भी सही बदलाव कर लें, तो हमारे माता-पिता लंबे समय तक एक्टिव और सेहतमंद रह सकते हैं.
अगर एक अच्छी लाइफस्टाइल और सही डाइट को अपनाया जाए, तो बढ़ती उम्र में भी शरीर सेहतमंद रख सकते हैं. न्यूट्रिशनिस्ट दीपशिखा जैन ने अपने एक इंस्टाग्राम वीडियो में ऐसी ही 4 चीजों के बारे में बताया है, जिन्हें 50 साल से ज्यादा उम्र के लोगों और हमारे पेरेंट्स को अपनी डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए.

बढ़ती उम्र में माता-पिता जरूर रखें अपनी डाइट का खास ख्याल.Photo Credit: Freepik
1. कच्चे या हरे केले- (Green Bananas)
अक्सर लोग पका हुआ पीला केला खाना पसंद करते हैं, लेकिन न्यूट्रिशनिस्ट दीपशिखा जैन के मुताबिक, बुजुर्गों के लिए हरा केला बहुत फायदेमंद है. हरे केले में 'रेसिस्टेंट स्टार्च' नाम का एक खास तरह का फाइबर पाया जाता है. यह फाइबर हमारे पेट में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाने का काम करता है. 50 की उम्र के बाद डाइजेशन को मजबूत रखने और पेट से जुड़ी दिक्कतों को दूर करने में यह बेहद मददगार है.
कैसे करें सेवन- कच्चे केले को आप सलाद में, फल के रूप में या स्मूदी में ट्राई कर सकते हैं.

2. डार्क चॉकलेट- (Dark Chocolate)
दीपशिखा जैन ने बढ़ती उम्र के लोगों के लिए डार्क चॉकलेट खाने की सलाह दी है. लेकिन ध्यान रहे कि इसमें कम से कम 70% कोको (Cocoa) होना चाहिए. उन्होंने बताया कि डार्क चॉकलेट में 'फ्लेवोनोइड्स' नाम के नेचुरल कंपाउंड्स होते हैं जो दिल की सेहत के लिए बहुत अच्छे माने जाते हैं. रोज इसके दो छोटे टुकड़े खाने से हार्ट हेल्थ सुधरती है, ब्लड प्रेशर कंट्रोल में रहता है और शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में भी मदद मिल सकती है.

डॉर्क चॉकलेट का सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. Photo Credit: Pexels
3. खाली पेट देसी घी- (Ghee on an empty stomach)
भारतीय घरों में घी का इस्तेमाल बरसों से हो रहा है, लेकिन इसे खाने का सही तरीका भी मालूम होना चाहिए. न्यूट्रिशनिस्ट की मानें तो सुबह खाली पेट थोड़ा सा घी खाना पेरेंट्स के लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है. खाली पेट घी खाने से शरीर में इंसुलिन सेंसिटिविटी बेहतर होती है, जिससे ब्लड शुगर लेवल को मैनेज करने में काफी मदद मिल सकती है.
कैसे करें सेवन- घी को आप खाली पेट पानी में मिलाकर पी सकते हैं.

4. अनार- (Pomegranates)
चौथी और आखिरी चीज जो पेरेंट्स की डाइट में जरूर होनी चाहिए, वह है अनार. अनार में भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं. ये एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर में होने वाले ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस (तनाव और अंदरूनी कमजोरी) से लड़ते हैं. बढ़ती उम्र में यह दिल की सुरक्षा करने और पूरे शरीर को बीमारियों से बचाकर रखने में मदद करता है.
कैसे करें सेवन- इसे आप फल के रूप में जूस या सलाद में डालकर खा सकते हैं.

अनार को पोषण का खजाना कहा जाता है. Photo Credit: Image Credit: Pexels
ये भी पढ़ें- एक कटोरी फाणु, ढेर सारा न्यूट्रिशन, जानिए क्यों खास है यह पहाड़ी रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं