विज्ञापन

दिल्ली NCR को बादलों ने घेरा, 6 दिन चलेगी बारिश, यूपी-बिहार समेत 15 राज्यों में IMD अलर्ट, आज का मौसम

Weather Update Today: दिल्ली-NCR, यूपी, बिहार समेत देश के 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने दबाव की वजह से तेज बारिश शुरू हो गई है.

दिल्ली NCR को बादलों ने घेरा, 6 दिन चलेगी बारिश, यूपी-बिहार समेत 15 राज्यों में  IMD अलर्ट, आज का मौसम
दिल्ली-NCR समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
  • दिल्ली-NCR समेत मौसम विभाग ने शुक्रवार को 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
  • यूपी-बिहार, पश्चिम बंगाल, गुजरात-महाराष्ट्र में अच्छी बारिश की संभावना आज बन रही है.
  • पहाड़ी राज्यों में भी झमाझम बारिश की संभावना है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में रेड अलर्ट जारी है.

यूपी, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली-NCR समेत देश के कई राज्यों में 7 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विभाग IMD ने एक नया अपडेट जारी किया है, जिससे 15 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है. दक्षिणी गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल के तटों और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं, जिसके प्रभाव से मौसम का मिजाज पूरी तरह बिगड़ गया है, जिससे भारी बारिश हो रही है. दक्षिण से लेकर उत्तर तक झमाझम बारिश हो रही है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों में केरल तटीय और दक्षिणी अंदरूनी कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. उत्तर-पश्चिम और आस-पास के मध्य भारत के कई हिस्सों और पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में हफ्ते के ज्यादातर दिनों में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है. वहीं पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बदल गया है. यहां भी अच्छी बरसात जारी है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक सावधानी बरतने की सलाह दी है. 

इन 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट 

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक जिन 15 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा उनमें दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, गुजरात और महाराष्ट्र में अलर्ट जारी किया गया है. पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड और पूर्वी राज्यों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है. 

दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश 

दिल्ली-NCR में शुक्रवार को मौसम तेजी से बदल गया है और यहां सुबह से ही भारी बारिश हो रही है. दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश की वजह से जलभराव हो गया है. ऐसे में जगह-जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन गई है. दिल्ली से सटे नोएडा में भी झमाझम बरसात हो रही है. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में अगले 2 से 3 दिनों तक तेज बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. ऐसे में यहां सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई है.

अगले 24 घंटों के लिए मौसम की चेतावनी 

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, लक्षद्वीप, मध्य महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, उत्तराखंड और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा ओडिशा में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. तटीय कर्नाटक, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, केरल और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.

यूपी-बिहार में अलर्ट 

यूपी में भी मौसम विभाग ने कई जिलों में अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, कानपुर, प्रयागराज, देवरिया, वाराणसी और गोरखपुर में आज दिनभर अच्छी बारिश हो सकती है. इसी तरह से बात अगर बिहार की जाए तो बिहार के कई हिस्सों में तेज आंधी और भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो सकता है. रोहतास, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, गया, पटना, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, खगड़िया और बेगूसराय में अच्छी बरसात की संभावना है. 

अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम 

  • राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, कर्नाटक में तेज बारिश की संभावना रहेगी. 
  • उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट. 
  • महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना में भी मौसम बदलने की संभावना रही है. यहां बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना. 
  • 7 से 10 अगस्त के बीच कई राज्यों में मौसम पूरी तरह से बदल रहा है. जिससे बरसात शुरू हो रही है. 

उत्तराखंड-हिमाचल में बदला मौसम 

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का नया अपडेट हैं. उत्तराखंड में अगले 2 से 3 दिनों के लिए तेज बारिश का अलर्ट है. यहां लैंडस्लाइड की संभावना भी है. नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और अल्मोड़ा में आज रेड अलर्ट जारी है. उत्तराखंड में भारी बारिश की वजह से नदियां उफान पर है. गंगा, अलकनंदा समेत 6 नदियां उफान पर चल रही है. आलम यह है कि बद्रीनाथ हाईवे समेत करीब 132 सड़कें उत्तराखंड में बंद हैं. हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा नदी के घाट डूब गए हैं. यहां लोगों को अलर्ट जारी किया गया है और घाटों पर नहीं घूमने की सलाह दी गई है. 

हिमाचल-जम्मू-कश्मीर में भी अलर्ट

वहीं बात अगर हिमाचल प्रदेश की करें तो यहां भी मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. पहाड़ों पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है, क्योंकि मौसम तेजी से बदल रहा है. कुल्लू, शिमला, सिरमौर, कांगड़ा, सोलन, बिलासपुर और मंडी में बारिश का अलर्ट है. जिससे ठंड बढ़ने के आसार हैं. क्योंकि हिमाचल प्रदेश में  अधिकतम तापमान 12 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक आ रहा है. जम्मू-कश्मीर में घाटी और मैदानी इलाकों में लगातार हो रही बारिश से नदियां और नाले उफान पर हैं. आज भी जम्मू, पुंछ, कुलगाम, कठुआ, शोपियां, गांदरबल, बांदीपोरा, राजौरी, मुजफ्फराबाद और किश्तवाड़ में बरसात की संभावना है.

गुजरात, महाराष्ट्र, केरल-कर्नाटक में बरसात 

दक्षिणी राज्यों में भी मौसम बदल गया है. बंगाल की खाड़ी में बने दबाव की वजह से गुजरात, महाराष्ट्र में बारिश का दौर लौट आया है. वहीं केरल और कर्नाटक में भी अगले 2 दिनों तक अच्छी बरसात होने के चांस बन रहे हैं. केरल में लगातार बारिश की वजह से कई जिलों में पिछले एक हफ्ते से बाढ़ जैसे हालात बन चुके हैं.एर्नाकुलम, कन्नूर, कासरगोड, अलाप्पुझा, इडुक्की, कोट्टायम, और पथानामथिट्टा में ऑरेंज अलर्ट है. वहीं कर्नाटक में भी अगले 2 से 3 दिन अच्छी बरसात होने वाली है.

ये भी पढ़ेंः कम बारिश और सूखे का खतरा, इस साल अल-नीनो मचाएगा तबाही! संसद में सरकार ने बताया-कैसी है तैयारी?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weather Update Today, Delhi NCR Rain, UP Weather IMD, IMD New Alert, Monsoon Rainfall
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com
//added to preserve the height