पहले का समय कुछ और था. जब भी बारिश आती थी, तो मां अपने हाथ का बना कुछ न कुछ बना कर खिला देती थीं, जिन चीजों का स्वाद आज भी कई लोगों के दिल और ज़ुबान दोनों पर बसा हुआ होगा. चाहे कितना ही ऑनलाइन ऑर्डर क्यों न कर लें, वो स्वाद तो भूले नहीं भूलने वाला है. तो चलिए फिर देर किस बात की है, बिना देरी किए एक नज़र डाल लेते हैं उन 4 चीजों पर, जो मां अक्सर बारिश में बनाती थीं और जिनका स्वाद आज भी भूलना मुश्किल है.
ब्रेड रोल
कई घरों में बारिश के मौसम की सबसे पसंदीदा डिश ब्रेड रोल होती थी. उबले आलू और मसालों की स्टफिंग को ब्रेड में भरकर सुनहरा होने तक तला जाता था. बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम ब्रेड रोल बच्चों के फेवरेट स्नैक हुआ करते थे.
आलू-प्याज के पकौड़े
बारिश और पकौड़ों का रिश्ता बहुत पुराना है. जैसे ही मौसम बदलता था, मां सबसे पहले बेसन घोलकर आलू और प्याज के पकौड़े बनाती थीं. बाहर बारिश हो रही होती थी और घर के अंदर गरमा-गरम पकौड़ों की खुशबू फैली रहती थी. चाय के साथ इनका स्वाद दोगुना हो जाता था.
भुट्टा
बारिश के मौसम में भुट्टा खाना कई लोगों की बचपन की यादों का हिस्सा है. मां कोयले या गैस पर भुट्टा भूनती थीं और फिर उस पर नींबू और नमक लगाकर देती थीं. हल्की-सी धुएं की खुशबू और नींबू का खट्टापन इसे और भी स्वादिष्ट बना देता था.
सूजी का हलवा
जब बाहर लगातार बारिश होती थी और कहीं बाहर जाना संभव नहीं होता था, तब मां जल्दी से सूजी का हलवा बना देती थीं. घी की खुशबू और सूजी का मुलायम स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता था. गर्म-गर्म हलवा बरसात के दिन को खास बना देता था.
इसे भी पढ़ें: प्रभास की फिल्म के सेट पर राजेश शर्मा को कीड़े ने काटा, बिगड़ी तबीयत! कैसे एक छोटा सा कीड़ा हो सकता है खतरनाक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं