बारिश का मौसम शुरू होते ही बाजारों में ताजे और मीठे भुट्टे मिलने लगते हैं. हम सब अक्सर भुट्टे को उबालकर या गैस पर भूनकर नींबू-मसाला लगाकर खाते हैं. लेकिन क्या आपने कभी भुट्टे की मसालेदार सब्जी खाई है, अगर नहीं तो एक बार जरूर करें ट्राई. शेफ भरत ने अपने यूट्यूब चैनल (@bharatzkitchen HINDI) पर भुट्टे की 'मसाला कॉर्न सब्जी' रेसिपी शेयर की है.
यह सब्जी इतनी स्वाद और क्रीमी बनती है कि आप इसे हर हफ्ते बनाना पसंद करेंगे, तो आइए जानते हैं इसकी पूरी रेसिपी.
कैसे बनाएं मसाला कॉर्न सब्जी- (How To Make Masala Corn Sabji)
सामग्री-
- कॉर्न के दाने - 2 कप
- प्याज - 1 बड़ा
- टमाटर - 2 से 3
- काजू - 5 से 6
- अदरक, लहसुन और हरी मिर्च - पेस्ट
- जीरा - आधा छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर - आधा छोटा चम्मच
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर - 1 चम्मच
- तीखी लाल मिर्च पाउडर - 1 चम्मच
- धनिया पाउडर - डेढ़ चम्मच
- चाट मसाला - आधा चम्मच
- गरम मसाला और कसूरी मेथी - थोड़ी सी
- बटर- एक चम्मच
- नमक - स्वाद अनुसार

कॉर्न से बनी ये सब्जी बेहद स्वादिष्ट होती है. (Image @bharatzkitchen HINDI)
विधि-
- सबसे पहले एक पैन में पानी गर्म करें और उसमें 2 कप ताजे भुट्टे के दाने डाल दें.
- इन्हें तेज आंच पर करीब 5 मिनट तक अच्छी तरह उबालना है.
- उबलने के बाद जब दाने अच्छे से फूल जाएं, तो इन्हें छानकर ठंडा होने के लिए अलग रख दें.
- एक कढ़ाई में थोड़ा सा तेल गरम करें. इसमें जीरा डालें और फिर अदरक-लहसुन-मिर्च का फ्रेश पेस्ट डालकर 1 मिनट तक भूनें ताकि लहसुन का कच्चापन निकल जाए.
- अब बारीक कटा हुआ प्याज डालें, प्याज को पहले तेज आंच पर और फिर मध्यम आंच पर तब तक भूनें जब तक कि उसका रंग अच्छे से सुनहरा न हो जाए.
- जैसे ही प्याज भून जाए, इसमें हल्दी और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर मिलाएं.
- अब इसमें कद्दूकस किए हुए टमाटर और स्वादानुसार नमक डालें. साथ ही धनिया पाउडर और तीखी लाल मिर्च पाउडर डालकर मसाले को तब तक पकाएं जब तक कि मसाला तेल न छोड़ दे.
- अब ग्रेवी को मखमली और क्रीमी बनाने के लिए भीगे हुए काजू का बारीक पेस्ट बनाकर मसाले में डालें.
- इसे 2-3 मिनट पकाएं इसके बाद कसूरी मेथी, गरम मसाला और थोड़ा सा चाट मसाला डालकर मिक्स करें.
- अब थोड़ा पानी डालें और ग्रेवी को उबलने दें ताकि यह एकदम गाढ़ी और सेट हो जाए.
- दूसरे पैन में थोड़ा सा मक्खन गरम करें, इसमें उबले हुए कॉर्न डालें और तेज आंच पर सिर्फ 2 मिनट के लिए हल्का सा रोस्ट कर लें.
- ध्यान रहे, इनका रंग नहीं बदलना चाहिए अब इन रोस्टेड दानों को तैयार ग्रेवी में डाल दें. धीमी आंच पर 2 से 3 मिनट तक पकने दें.
- आपकी गरमागरम, चटपटी 'कॉर्न मसाला सब्जी' बिल्कुल तैयार है.
कुकिंग टिप्स-
- टमाटर को मिक्सी में पीसने या काटने के बजाय कद्दूकस करके डालें, इससे ग्रेवी का दानेदार टेक्सचर बहुत बेहतरीन बनता है.
- बाजार वाले अदरक-लहसुन के पेस्ट की जगह घर पर ही मिर्च के साथ ताजा कूटकर पेस्ट बनाएं, इससे खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं.
- सब्जी में बहुत ज्यादा प्याज न डालें, क्योंकि भुट्टा और प्याज दोनों ही मीठे होते हैं. ज्यादा प्याज से सब्जी का तीखा-चटपटा बैलेंस बिगड़ सकता है.
- कॉर्न को रोस्ट करते समय सिर्फ बटर न डालें, साथ में कुछ बूंदें तेल की भी मिला लें ताकि बटर जले नहीं.
मसाला कॉर्न रेसिपी वीडियो यहां देखें-
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: कच्चे आलू और सूजी का ऐसा नाश्ता जिसके आगे समोसा-कचौड़ी भी फेल, बच्चे से लेकर बड़े करेंगे पसंद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं