राजस्थान में कई शहरों की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए 71 नई ई-बसों को हरी झंडी दिखाई गई. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में पीएम ई-बस सेवा के तहत नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. जयपुर और भीलवाड़ा के लिए 24 ई-बसों को जयपुर से रवाना किया गया. जबकि अलवर, अजमेर, जोधपुर, कोटा और उदयपुर से 47 ई-बसों की शुरुआत हुई है. इस दौरान उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा, चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर और विधायक कालीचरण सराफ भी मौजूद थे.
8 शहरों में कुल 675 बसें चलेंगी
राजस्थान के 8 प्रमुख शहरों के लिए पीएम ई-बस सेवा के पहले चरण में 675 बसें स्वीकृत हैं, जबकि राज्य सरकार के प्रयासों से अतिरिक्त 475 बसें भी स्वीकृत हुई हैं. ई-बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन, बस स्टॉप और बस स्टैंड जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं. साथ ही आने वाले समय में रोडवेज की नई बसें भी शुरू की जाएंगी.

ई-बस लॉन्चिंग के दौरान सीएम भजनलाल शर्मा और अन्य मंत्री-विधायक मौजूद रहे.
शहरी विकास से जुड़े 1421 कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण
इसके अलावा, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार (18 अगस्त) को शहरी विकास से जुड़े 1,421 कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. कार्यक्रम में मजबूत सड़कें, सुगम यातायात और बेहतर जल निकासी से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं. आधुनिक सीवरेज, सुरक्षित सबवे और शहरों की नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने वाले कार्य भी शामिल हैं.
1 लाख से ज्यादा लाभार्थियों को मिलेंगे 126 करोड़ रुपये
शहरी क्षेत्रों में मेडिकल सुविधाओं के विस्तार और श्रमिक कल्याण योजनाओं के कार्यक्रम पर खासा फोकस किया जा रहा है. श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के 1 लाख 32 हजार 421 लाभार्थियों को करीब 126 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जाएगी.
यह भी पढ़ेंः "मैं किसी की सिफारिश करूं तो भी टिकट ना मिले", निकाय चुनाव से पहले गहलोत का कांग्रेस आलाकमान को मैसेज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं