भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर को लेकर वही बात की, जो भारत कहता आ रहा है. उन्होंने जम्मू-कश्मीर को भारत का एक अहम हिस्सा बताया. उन्होंने ये बात जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद कही.
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद गोर ने कहा, 'कश्मीर भारत का एक अहम हिस्सा है. मैं पहली बार इस जगह पर आया हूं. यह बेहद खूबसूरत जगह है.' उमर अब्दुल्ला के साथ मीडिया से बात करते हुए गोर ने कहा, 'हमारी मुलाकात बहुत अच्छी रही और हम अपने रिश्तों को और मजबूत बनाने की उम्मीद करते हैं.'
सर्जियो गोर का यह जम्मू-कश्मीर का पहला दौरा है. इस क्षेत्र में रणनीतिक गतिविधियों के बढ़ने के बीच, गोर के इस दौरे को हाल के सालों में अमेरिका की एक अहम राजनयिक पहल के तौर पर देखा जा रहा है. गोर के साथ हुई मुलाकात के बारे में बात करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उन्हें जम्मू-कश्मीर पर खास ध्यान देते हुए अमेरिका और भारत के रिश्तों पर चर्चा करने का मौका मिला.
सीएम अब्दुल्ला ने क्या कहा?
सर्जियो गोर से मुलाकात पर सीएम अब्दुल्ला ने कहा, 'हमारी मुलाकात बहुत अच्छी रही. हमें दोनों देशों के रिश्तों पर चर्चा करने का मौका मिला, जिसमें खास तौर पर इस बात पर ध्यान दिया गया कि अमेरिका जम्मू-कश्मीर के लिए क्या कर सकता है. जाहिर है, कुछ पुराने मुद्दे हैं जिन्हें हम समय के साथ सुलझाने की कोशिश करेंगे, लेकिन हम इस बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं.'
अब्दुल्ला ने कहा कि 'हमें पूरी उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में अमेरिका और जम्मू-कश्मीर के बीच जुड़ाव और गहरा होगा.'
It was a pleasure to receive @USAmbIndia Sergio Gor in Srinagar today. We had a very good conversation about the possibilities that exist to widen & deepen the engagement between J&K & the United States of America, particularly in areas like tourism, horticulture & the new… pic.twitter.com/VsJdJSbzJg
— Omar Abdullah (@OmarAbdullah) August 19, 2026
सर्जियो गोर ने क्या कहा?
कश्मीर घाटी में बेहतर होती सुरक्षा स्थिति की तारीफ करते हुए गोर ने कहा कि हालांकि वह अमेरिकी नागरिकों के लिए जारी एडवाइजरी में बदलाव को लेकर कोई बड़ी घोषणा नहीं कर सकते, लेकिन हालात बेहतर होने के कारण प्रशासन इस पर विचार कर सकता है.
उन्होंने कहा, 'हमारा मानना है कि नई दिल्ली और यहां की सरकार ने इस इलाके को सुरक्षित रखने और इसे और ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए बेहतरीन कदम उठाए हैं. इसलिए हम इस बात पर विचार करेंगे कि क्या अमेरिका की ओर से जारी ट्रैवल वॉर्निंग के स्तर को कम किया जा सकता है.'
उन्होंने कहा कि 'यह एक खूबसूरत इलाका है. मुझे लगता है कि बहुत से अमेरिकी यहां आकर इसकी खूबसूरती का आनंद लेंगे.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं