किचन में मौजूद मिक्सी या मिक्सर ग्राइंडर हमारे सबसी बड़ी मददगार हैं. क्योंकि सुबह की सब्जी का मसाला पीसना हो, चटनी बनानी हो या फिर प्यूरी तैयार करनी हो, हर काम के लिए मिक्सी की जरूरत पड़ती है. रोज-रोज इस्तेमाल होने की वजह से मिक्सी बहुत जल्दी मैली और गंदी हो जाती है. कई बार उस पर चिकनाई और मसालों के दाग ऐसे जम जाते हैं कि उन्हें साफ करना एक बड़ा सिरदर्द बन जाता है. अगर आप भी अपनी गंदी मिक्सी को देखकर परेशान हो चुके हैं, तो अब आपको चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है. क्योंकि आज हम आपको एक ऐसा बेहद आसान तरीका बताने जा रहे हैं, जिससे आपकी मिक्सी बिल्कुल नई जैसी चमक उठेगी. इस उपाय को (@MaaYehKaiseKarun) नामक यू्ट्यूब चैनल पर शेयर किया गया है. तो चलिए जानते हैं क्या है वो उपाय.
यहां देखें वीडियो-
जरूरी नोट-
मिक्सी की सफाई शुरू करने से पहले कुछ खास सावधानियां बरतनी बहुत जरूरी हैं, ताकि कोई हादसा न हो. सबसे पहले मिक्सी के इलेक्ट्रिक प्लग वाले हिस्से और स्विच बॉक्स को अच्छी तरह से टेप से पैक कर दीजिए. ऐसा करने से सफाई करते वक्त उसमें पानी जाने का खतरा नहीं रहता है और आप पूरी तरह से सुरक्षित रहते हैं. इसके बाद एक सूखे ब्रश की मदद से मिक्सी के ऊपर जमा सूखा कचरा और धूल-मिट्टी आसानी से झाड़ लें.
कैसे बनाएं क्लीनिंग सॉल्यूशन-
- इसे बनाने के लिए एक कटोरी में थोड़ा सा सिरका लें. अगर आपके पास सिरका नहीं है, तो आप इसकी जगह नींबू के रस का इस्तेमाल कर सकते हैं.
- अब इसमें बर्तन धोने वाला कोई भी लिक्विड डिटर्जेंट या थोड़ा सा शैंपू मिला लें और साथ में थोड़ा गुनगुना पानी ऐड करें.
- इस सारे मिश्रण को अच्छी तरह मिलाकर एक स्प्रे बोतल में भर लें. इस मैजिकल स्प्रे से आप न सिर्फ मिक्सी बल्कि किचन की कई अन्य चीजों को भी आसानी से चमका सकते हैं.
कैसे करें इस्तेमाल-
- अब इस तैयार किए गए सॉल्यूशन को गंदी मिक्सी के चारों तरफ अच्छे से स्प्रे कर दें.
- इसे स्प्रे करने के बाद मिक्सी को लगभग 10 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें, ताकि जमी हुई चिकनाई और गंदगी अच्छे से फूल जाए.
- 10 मिनट बाद एक पुराना टूथब्रश लें और उसकी मदद से मिक्सी के कोनों और जिद्दी दागों को हल्के हाथों से रगड़ें.
- मिक्सी के जोड़ों और छोटे-छोटे हिस्सों में जमी गंदगी को साफ करने के लिए आप ईयरबड्स का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
- जब आप देखें कि सारी गंदगी छूट चुकी है, तब एक साफ और हल्का गीला कपड़ा लें और मिक्सी को अच्छी तरह पोंछ कर साफ कर लें.
- इसके बाद मिक्सी पर लगाए गए सारे टेप को धीरे-धीरे हटा दें. टेप हटाने के बाद एक बार फिर सूखे कपड़े से मिक्सी को फाइनल टच देते हुए चमका लें.
- अब आपकी मिक्सी बिल्कुल साफ, सुरक्षित और नई जैसी चमक रही है.
- इसके साथ ही मिक्सी की वायर और प्लग को भी साफ कर लें.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: सिर्फ 5 मिनट में बनाएं मसालेदार पनीर चीज़ टोस्ट, एक बार खाएंगे तो बार-बार बनाएंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं