सर्दियों का मौसम आते ही बहुत से हरी सब्जियां बाजार में दिखने लगते हैं. एक ऐसी ही हरी सब्जी मेथी है. सर्दी में मेथी का सेवन कई तरह से किया जाता है. मेथी न केवल स्वाद बढ़ाती है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद मानी जाती है. अगर आप रोज मेथी के परांठे खाकर बोर हो गए हैं, तो मेथी-प्याज का मसालेदार लच्छा पराठा ट्राई कर सकते हैं. बाहर से खस्ता और अंदर से मसालेदार ये परांठा दही, अचार या चटनी के साथ बेहद स्वादिष्ट लगता है. चलिए आपको बताते हैं घर पर मेथी प्याज लच्छा परांठा बनाने का सबसे आसान तरीका.
मेथी-प्याज का मसालेदार लच्छा पराठा
यूट्यूब पर @CookingWithChefAshok नाम के चैनल पर एक वीडियो शेयर किया गया है. इस वीडियो में शेफ अशोक ने फटाफट मेथी-प्याज का मसालेदार लच्छा पराठा बनाने का तरीका बताया है. इसे बनाने के लिए मेथी के पत्ते अलग कर लें और अच्छी तरह धो लें. अब एक बर्तन में मेथी के पत्ते डालें और उसमें 300 ग्राम गेहूं का आटा मिलाएं. साथ ही 2 बड़े चम्मच बेसन, 1 छोटा चम्मच नमक और थोड़ा सा हल्दी पाउडर डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. आटे पर थोड़ा तेल लगाकर 5 से 7 मिनट के लिए ढककर रख दें.
प्याज स्टफिंग बनाएं
करीब 6 से 7 प्याज को पतले स्लाइस में काट लें. फिर प्याज को हल्का मसलकर उसका एक्स्ट्रा पानी निकाल दें. इसके लिए प्याज को कपड़े में बांधकर निचोड़ना बेहतर रहेगा. अब इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया, हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च, अजवाइन, धनिया पाउडर, गरम मसाला, कसूरी मेथी, कटा हुआ लहसुन, अदरक और आमचूर पाउडर मिला लें.
स्टफिंग में नमक क्यों नहीं डालना चाहिए?
प्याज की स्टफिंग में नमक डालने से प्याज जल्दी पानी छोड़ने लगता है. इससे परांठा बेलते समय फट सकता है और स्टफिंग बाहर निकलने लगती है. इसलिए नमक सिर्फ आटे में ही डालें.
लच्छा पराठा बनाने का तरीका
आटे की बड़ी लोइयां बनाकर उन्हें बेल लें. अब उसके ऊपर तैयार प्याज मसाला फैलाएं और परांठे को मोड़ते हुए रोल कर लें. इससे परांठे में खूबसूरत परतें बनती हैं. गरम तवे पर परांठा डालें और दोनों तरफ से सेकें. जब परांठा हल्का पक जाए तो उस पर घी लगाएं और सुनहरा व कुरकुरा होने तक सेंक लें. घी के साथ सेंकने से मेथी का हल्का कड़वापन भी कम हो जाता है और स्वाद बढ़ जाता है.
यह भी पढ़ें:- बाथरूम का पटला कैसे साफ करें? बाथरूम के स्टूल से दाग, गंदगी और मैल साफ करने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- घर पर केले और गुड़ से खाद कैसे बनाएं? पौधों में भरपूर आएंगे फूल, जानें जैविक खाद बनाने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- स्टील की बाल्टी कैसे साफ करें? दाग लगी बाल्टी को नई जैसी साफ करने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- मधुकामिनी का पौधा कब लगाना चाहिए? मधुकामिनी का पौधा कैसे लगाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं