सुबह-सुबह की भागदौड़ में सबसे बड़ा सिरदर्द होता है कि आज नाश्ते में क्या बनाया जाए. खासकर तब जब बच्चे स्कूल जाने की जिद कर रहे हों और ऑफिस का टाइम हो रहा हो. ऐसे में अगर कोई ऐसी रेसिपी मिल जाए जो झटपट बन जाए और खाने में भी जबरदस्त टेस्टी हो, तो दिन बन जाता है. हाल ही में शेफ भूपी ने अपने किचन से एक ऐसी ही शानदार और एकदम नई रेसिपी शेयर की है, जिसे सुनने के बाद आपका भी दिल खुश हो जाएगा.
शेफ भूपी ने बिना आटा गूंथे और बिना एक भी बार बेले सिर्फ 10 मिनट में लिक्विड डो पराठा और उसके साथ वेज ऑमलेट बनाने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं कि इसे घर पर बहुत ही आसानी से कैसे तैयार किया जा सकता है.
यहां देखें वीडियो-
कैसे बनाएं लिक्विड डो पराठा-
- इस नाश्ते को बनाने के लिए शेफ भूपी ने सबसे पहले एक आसान तरीका अपनाया है. सबसे पहले एक कप मैदा लें, क्योंकि मैदे से रोटियां काफी सॉफ्ट बनती हैं.
- अब इसमें थोड़ा सा नमक डालें और थोड़ा-थोड़ा करके लगभग डेढ़ कप पानी मिलाएं.
- पानी मिलाते वक्त इस बात का खास ध्यान रखना है कि बैटर में कोई गांठ यानी लम्स ना पड़ें.
- बैटर ना तो बहुत ज्यादा पतला होना चाहिए और ना ही बहुत ज्यादा गाढ़ा.
- इसके बाद एक पैन लें, उसे हल्का सा तेल या घी लगाकर चिकना करें, इस लिक्विड डो को पैन में डालें और गोल-गोल फैला दें.
- अब इसे अलटते-पलटते हुए और हल्का दबाते हुए अच्छे से सेंक लें.
- लीजिए, आपके सुपर सॉफ्ट पराठे बिल्कुल तैयार हैं.
अब बारी आती है इसके साथ खाने वाले स्पेशल वेज ऑमलेट की, जो बिना किसी अंडे के बनता है और स्वाद में लाजवाब होता है.
- इसे बनाने के लिए आधा कप मैदा और आधा कप बेसन लें. इसमें थोड़ा सा नमक, काली मिर्च पाउडर और थोड़ी सी हींग डालें.
- इसमें भी धीरे-धीरे पानी डालकर एक गाढ़ा बैटर तैयार करना है. इस बैटर को 5 से 7 मिनट के लिए रेस्ट करने दें और फिर एक बार दोबारा अच्छे से फेंट लें.
- बैटर को एकदम फ्लफी और स्पॉंजी बनाने के लिए इसमें एक पैकेट इनो सॉल्ट मिला दें, ऊपर से थोड़ा सा पानी छिड़कें और इसे अच्छी तरह मिक्स कर लें.
- अब एक पैन में थोड़ा सा बटर डालें और लो फ्लेम पर रोटी के आकार का यह बेसन वाला बैटर फैला लें.
- इसके ऊपर से बारीक कटे हुए प्याज, शिमला मिर्च, टमाटर, अपनी पसंद के मुताबिक हरा धनिया, थोड़ा सा नमक और काली मिर्च छिड़क दें.
- बैटर नीचे से तो पक जाएगा, लेकिन ऊपर से हल्का गीला ही रहना चाहिए, बस इसी स्टेज पर जो पराठा हमने पहले बनाकर तैयार किया था, उसे इसके ऊपर चिपका देना है.
- इसके बाद इसे लगभग 2 मिनट के लिए ढककर पकाएं ताकि बेसन का कच्चापन पूरी तरह निकल जाए.
- अब इसे पलट दें और तुरंत ही फोल्ड कर लें. मध्यम आंच पर इसे उलट-पलट कर दबा-दबा कर सेंके ताकि अंदर से ऑमलेट अच्छी तरह पक जाए और बाहर से पराठा एकदम क्रिस्पी हो जाए.
- तैयार है आपका सिर्फ 10 मिनट में बनने वाला हेल्दी और टेस्टी लिक्विड डो वेज ऑमलेट पराठा.
ये भी पढ़ें- भूख लगे तो चिप्स और नमकीन नहीं, शेफ का ये चटपटा अमरूद करें ट्राई, मिलेंगे कई फायदे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं