विज्ञापन

लौकी ना खाने वाले भी रोज किलो-किलो खरीदेंगे, बस एक बार बनाएं लौकी का हेल्‍दी नाश्‍ता- लच्छा पराठा

क्या आपके घर में लौकी खराब हो रही है? अगर हां, तो इसे फेंकने के बजाय स्वादिष्ट सा लच्छा पराठा बनाकर खिलाइए. यहां जानते हैं लौकी से लच्छा पराठा बनाने की रेसिपी-

लौकी ना खाने वाले भी रोज किलो-किलो खरीदेंगे, बस एक बार बनाएं लौकी का हेल्‍दी नाश्‍ता- लच्छा पराठा
laccha paratha recipe : लौकी का टेस्टी स्वादिष्ट पराठा बनाने की रेसिपी

क्या आपके बच्चे लौकी नहीं खाते हैं? क्या लौकी का नाम सुनते ही मुंह बना लेते हैं? अगर हां, तो इस बार उन्हें लौकी नहीं बल्कि इससे बनी स्वादिष्ट और क्रिस्पी लच्छा पराठा बनाकर खिलाइए. लौकी से बनने वाला ये क्रिस्पी लच्छा पराठा स्वाद में इतना बेहतरीन होता है कि खाने वालों को अंदाजा भी नहीं होगा कि इसमें लौकी मिली हुई है. बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम यह पराठा न सिर्फ टेस्टी है, बल्कि पौष्टिक भी माना जाता है. इसमें लौकी के साथ हरा धनिया, पालक और गेहूं का आटा भी इस्तेमाल किया जाता है, जो पराठे को स्वादिष्ट के साथ-साथ हेल्दी भी बनाता है. इस खास रेसिपी को यूट्यूब पर @Renu Recipes नाम के फूड क्रिएटर ने शेयर किया है. यहां जानते हैं इसकी खास रेसिपी-

पेस्ट से तैयार करें लौकी का पराठा

इस रेसिपी की खास बात ये है कि इसमें लौकी को कद्दूकस नहीं किया जाता, बल्कि उसका पेस्ट बनाया जाता है. इसके लिए करीब 200 ग्राम लौकी के बड़े टुकड़े लें, उसे मिक्सर जार में डालें. इसके साथ हरा धनिया, एक हरी मिर्च, 7 से 8 पालक के पत्ते, एक चम्मच जीरा और थोड़ा सौंफ डालकर पीस लें. लौकी में पहले से काफी पानी होता है, इसलिए अलग से पानी डालने की जरूरत नहीं पड़ती. अगर पेस्ट ज्यादा गाढ़ा लगे, तो सिर्फ एक चम्मच पानी मिलाया जा सकता है.

लौकी का लच्छा पराठा बनाने के लिए ऐसे गूंथे आटा

पेस्ट तैयार करने के लिए इसे एक बाउल में निकाल लें और स्वादानुसार नमक मिलाएं. इसके बाद इसमें एक कप मैदा और एक कप गेहूं का आटा डालें. रंग और स्वाद बढ़ाने के लिए चौथाई चम्मच हल्दी, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर और एक चम्मच पिघला हुआ घी मिलाएं. अब इसी पेस्ट की मदद से आटा गूंथ लें. जरूरत पड़ने पर ही थोड़ा सा पानी डालें. आटा न ज्यादा सख्त होना चाहिए और न ही बहुत मुलायम.

आटा तैयार होने के बाद उसके ऊपर एक चम्मच तेल या घी लगाकर 10 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाता है और पराठे की लेयर भी बेहतर बनती है.

इस तरह तैयार करें परफेक्ट लच्छा

10 से 15 मिनट के बाद आटे की थोड़ी बड़ी लोई बनाएं और उसे रोटी की तरह पतला बेल लें. अब उसके ऊपर घी लगाकर थोड़ा सूखा आटा छिड़कें. इसके बाद पतली-पतली स्ट्रिप्स काटकर उन्हें फोल्ड करते हुए लंबा करें और गोल आकार में लपेटकर फिर से लोई बना लें. यही तरीका लच्छेदार पराठे की खूबसूरत लेयर तैयार करता है.

एक दूसरा तरीका ये भी है कि रोटी को थोड़ा चौड़ी स्ट्रिप्स में काटकर उन्हें एक-दूसरे के ऊपर रखकर फोल्ड किया जाए. दोनों तरीकों से पराठे में शानदार लेयर आती है.

सेकते समय न करें ये गलती

लच्छा पराठा बनाते समय सबसे जरूरी स्टेप उसका सेकना है. तवे को अच्छी तरह गर्म करें और पराठे को पहले बिना घी या तेल के दोनों तरफ से हल्का सा सेक लें. जब पराठा आधा पक जाए, तभी उस पर घी लगाएं. अगर शुरुआत में ही घी लगा दिया जाए तो पराठा अंदर से कच्चा रह सकता है और लेयर भी सही नहीं बनती. मीडियम से धीमी आंच पर दबाकर सेकने से पराठा बाहर से सुनहरा और कुरकुरा बनता है, जबकि अंदर से नरम रहता है.

पराठा बनाने के बाद हल्का सा करें क्रश

जब पराठा तैयार हो जाए, तो उसे हल्के हाथों से बीच दबाकर क्रश करें. ऐसा करने से उसकी परतें अलग-अलग दिखाई देने लगती हैं और वह बिल्कुल रेस्टोरेंट स्टाइल लच्छा पराठे जैसा नजर आता है. लीजिए लच्छा पराठा तैयार है. अब आप इसे दाल, सब्जी, दही या अचार के साथ परोस सकते हैं. 

ये भी पढ़ें - साधारण लौकी को दें स्ट्रीट फूड वाला ट्विस्ट और बनाएं राजस्थान की फेमस कचौड़ी वाली लौकी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lauki Recipe For Diabetes Patients, Lauki Benefits, Lacha Paratha Recipes, Food, Food Price
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com