मुंबई. अमेरिकी बाप-बेटे की जोड़ी, दो बाइक और दो हजार किलोमीटर का एडवेंचर से भरा सफर. यूट्यूबर डार्सी ने अपने पिता के साथ भारत की यात्रा की. उन्होंने 'Why India Stole Our Hearts' नाम का वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने अपनी भारत यात्रा की झलकी दिखाई है. उन्होंने कहा, "हम भारत कुछ और सोचकर आए थे, लेकिन यहां के लोगों ने हमारा दिल जीत लिया." Mr Darcy & The Ol' Man नाम के यूट्यूब चैनल पर करीब छह दिन पहले अपलो इस वीडियो पर अब तक 2.73 लाख व्यूज आ चुके हैं.
गोवा से शुरू हुआ सफर, मुंबई में थमी रफ्तार
इनका यह सफर शुरू हुआ गोवा के खूबसूरत समंदर किनारे अंजुना बीच से. वहां से इनकी बुलेट आगे बढ़ी, तो कर्नाटक के पत्थरों के इतिहास समेटे हम्पी की गलियों से गुजरी. धूल उड़ाते, गांवों की पगडंडियों को पार करते हुए ये दोनों महाराष्ट्र में घुसे और आखिरकार पहुंचे मुंबई की भागती-दौड़ती दुनिया में.
भारत की गर्मी ने किया बेदम
2000 किलोमीटर के इस लंबे सफर में इनके लिए सब कुछ आसान नहीं था. यहां की चिपचिपी गर्मी और चिलचिलाती धूप ने कई बार इन्हें बेदम कर दिया. लेकिन सबसे मजेदार अनुभव रहा भारतीय ट्रैफिक का. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि भारत की सड़कों पर ट्रैफिक किसी नियम से नहीं, बल्कि "पानी की तरह बहता है"- जहां रास्ता मिला, गाड़ियां वहीं से निकल गईं.
यह भी पढ़ें | भारतीय लड़की ने बताया अमेरिकियों में डिनर का सही टाइम, हैरान लोग बोले- ये तो हमारा सनातनी कल्चर है
धड़कनों ने जोड़ा दिल का रिश्ता
इस सफर ने भारत को लेकर उनके सारे पुराने नजरिए बदल दिए. दोनों बाप-बेटे कहते हैं, "हम भारत कुछ और सोचकर आए थे, लेकिन यहां के लोगों ने हमारा दिल जीत लिया." बिना कोई सांझी भाषा जाने, सिर्फ इशारों और मुस्कुराहटों के दम पर जो दोस्ती हुई, उसने इस सफर को खास बना दिया. उन्हें लगा ही नहीं कि वे किसी परदेस में हैं, बल्कि ऐसा लगा जैसे पूरा भारत एक बड़ा परिवार है जो हर मोड़ पर हाथ फैलाए उनका स्वागत करने को तैयार खड़ा था. आखिरी में वे बस इतना ही कहते हैं "हिंदुस्तान का असली रंग ताजमहल में नहीं, बल्कि इसकी सड़कों पर मिलने वाले लोगों के दिलों में है."
यह भी पढ़ें | भारतीय हुआ जापान के सिस्टम पर फिदा, कहा- यहां आम आदमी की जिंदगी आसान है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं