जैसे ही किचन में खाना बनाने की शुरुआत होती है सबसे पहले जिस चीज की जरूरत पड़ती है, वो है चॉपिंग बोर्ड (Chopping Board). प्याज, लहसुन, टमाटर से लेकर हरी मिर्च और सब्जियां काटने के लिए हम इसी का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन रोज़-रोज़ इस्तेमाल करने की वजह से ये गंदा होने लगता है और इस पर जिद्दी दाग बैठ जाते हैं. सबसे बड़ी समस्या तब आती है जब बोर्ड से अजीब सी बदबू आने लगती है. अगर आपके साथ भी ऐसा ही हो रहा है, तो इंस्टाग्राम पर (@shwetaz_cookbook) द्वारा शेयर इस हैक्स को ट्राई कर सकते हैं.
इस वायरल ट्रिक में लकड़ी के चॉपिंग बोर्ड को सिर्फ नमक और नींबू की मदद से बिल्कुल नया जैसा चमकाने का तरीका बताया गया है. आइए जानते हैं कि आप घर पर ही बिना किसी महंगे केमिकल के अपने चॉपिंग बोर्ड को कैसे साफ और बदबू रहित कर सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
नींबू और नमक का नुस्खा-
- सबसे पहले अपने चॉपिंग बोर्ड को किचन काउंटर पर रखें और उस पर अच्छी मात्रा में सूखा नमक छिड़क दें. नमक एक बेहतरीन स्क्रबर का काम करता है जो जिद्दी दागों और चिपचिपाहट को आसानी से खींच लेता है.
- अब एक फ्रेश नींबू लें और उसे बीच से काट लें. नींबू के आधे टुकड़े को हाथ में लेकर नमक वाले बोर्ड पर रगड़ना शुरू करें.
- नींबू के खट्टे रस और नमक का जब मेल होता है, तो यह बोर्ड पर जमी गंदगी और बैक्टीरिया को घोल देता है. नींबू की नेचुरल खटास से बोर्ड की बदबू पल भर में गायब हो जाती है.
- पूरे बोर्ड पर नींबू और नमक को अच्छी तरह रगड़ने के बाद इसे 5 से 10 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें ताकि डीप क्लीनिंग हो सके.
- लास्ट में, बोर्ड को सादे और गुनगुने पानी से अच्छी तरह धो लें. धोने के बाद इसे किसी साफ कपड़े से पोंछकर सूखने के लिए रख दें. आप देखेंगे कि आपका पुराना और बदबूदार चॉपिंग बोर्ड एकदम साफ और नए जैसा चमकने लगा है.
चॉपिंग बोर्ड गंदा और बदबूदार क्यों हो जाता है?
दरअसल हम में से ज्यादातर लोग रोज सब्जी काटने के बाद चॉपिंग बोर्ड को बस पानी से धोकर रख देते हैं. लेकिन लकड़ी के बोर्ड में छोटे-छोटे छिद्र होते हैं, जिनमें सब्जियों का रस, पानी और छोटे-छोटे टुकड़े फंस जाते हैं. धीरे-धीरे वहां बैक्टीरिया पनपने लगते हैं. यही वजह है कि बोर्ड गंदा दिखने लगता है और उससे बदबू आने लगती है.
ये भी पढ़ें- साधारण काला चना को दें नेपाली ट्विस्ट और बनाएं यह स्वादिष्ट डिश, हर बाइट में मिलेगा देसी स्वाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं