- लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त आज जारी की जाएगी.
- सीएम मोहन यादव शिवपुरी जिले के पिछोर से जारी करेंगे.
- सीएम 1.25 करोड़ खातों में भेजेंगे 1831 करोड़ रुपये.
Ladli Behna Yojana 42nd installment: मध्य प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के लिए आज का दिन बेहद खास होने जा रहा है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शिवपुरी जिले के पिछोर से प्रदेश की 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 'मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना' की 42वीं किस्त के रूप में 1,831 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर करेंगे. इसके साथ ही मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान शिवपुरी जिले में 221 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी करने वाले हैं.
कितने बजे जारी होगा लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त
सीएम मोहन यादव शुक्रवार को शिवपुरी जिले के पिछोर में एक कार्यक्रम में पहुंचेंगे. जारी कार्यक्रम के मुताबिक, सीएम दोपहर 12.20 बजे पिछोर के छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस दौरान लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त जारी की जाएगी. इसके तहत पात्र महिलाओं के अकाउंट में 1500 रुपये भेजे जाएंगे.
किन महिलाओं को मिलता है लाभ
लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत मध्य प्रदेश की स्थानीय निवासी ऐसी विवाहित महिलाएं पात्र हैं, जिनकी आयु आवेदन के कैलेंडर वर्ष में एक जनवरी की स्थिति में 21 वर्ष पूर्ण हो चुकी हो तथा 60 वर्ष से कम हो. इसमें विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को भी शामिल किया गया है. इसके अतिरिक्त, सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने वाली पात्र महिलाओं को भी योजना के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार आर्थिक सहायता का लाभ उपलब्ध कराया जाता है.
ऐसे चेक करें अपना स्टेटस और नाम
अगर आप अपना नाम इस बार की लाभार्थी सूची में जांचना चाहते हैं तो आप इसे चेक कर सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले लाड़ली बहना योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. पोर्टल पर दिए गए 'आवेदन एवं भुगतान की स्थिति' वाले विकल्प पर क्लिक करें. अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या समग्र आईडी दर्ज करें. इसके बाद कैप्चा कोड भरकर विवरण सबमिट करते ही आपको अपनी किस्त और नाम की स्थिति की जानकारी मिल जाएगी.
राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस योजना के सुचारू संचालन के लिए 23 हजार 882 करोड़ 81 लाख रुपये का बजट रखा है. चालू वित्तीय वर्ष में अक्टूबर तक 13 हजार 134 करोड़ 97 लाख रुपये दिए जा चुके हैं, जो आज की किस्त के बाद बढ़कर लगभग 14 हजार 954 करोड़ 27 लाख रुपये हो जाएंगे. इससे पहले वित्तीय वर्ष 2023-24 में 14,726.05 करोड़, 2024-25 में 19,051.39 करोड़ और 2025-26 में 20,318.53 करोड़ रुपये व्यय किए गए थे.
यह भी पढ़ें | मुद्रा लोन स्कीम 5 साल बढ़ी, कम गारंटी पर भी मिलेगा 20 लाख रुपये तक कर्ज का मौका, जानें कौन कर सकता है आवेदन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं