क्या आप भी दाल-चावल या रोटी-सब्जी के साथ कुछ चटपटा और यूनिक ट्राई करना चाहते हैं, जो स्वाद भी बढ़ा दे और सेहत के लिए भी बढ़िया हो. तो बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि हाल ही में इंस्टाग्राम पर शेफ मेघना ने एक ऐसी आसान डिश के बारे में बताया है, जिसे हमारे पड़ोसी देश नेपाल में बहुत चाव से खाया जाता है. इसका नाम है नेपाली आलू, काला चना और तिल की चटनी.
यह सिर्फ खाने में ही टेस्टी नहीं है, बल्कि सेहत का पावरहाउस भी है. एक सर्विंग में आपको करीब 10 ग्राम तक प्रोटीन मिल जाता है, जो इसे फिटनेस लवर्स और सेहत का ध्यान रखने वालों के लिए बेस्ट बनाता है. आइए जानते हैं इसे बनाने का एकदम आसान तरीका.
यहां देखें वीडियो-
क्या है इस चटनी की खासियत और न्यूट्रिशन-
यह डिश प्रोटीन और फाइबर से भरपूर है, क्योंकि इसमें मुख्य तौर पर काले चने का इस्तेमाल किया गया है. इसके अलावा, काले तिल (Black Sesame Seeds) से इसमें हेल्दी फैट्स और कैल्शियम मिलता है, जबकि नींबू का रस विटामिन-सी की कमी पूरी कर देता है. अगर इसके न्यूट्रिशन की बात करें, तो चार लोगों के हिसाब से हर सर्विंग में लगभग-
- कैलोरी- 240 kcal
- प्रोटीन- 10 ग्राम
- कार्बोहाइड्रेट- 35 ग्राम
- फैट- 8 ग्राम
कैसे बनाएं नेपाली डिश-
सामग्री-
- 1 कप उबला हुआ काला चना
- 2 मीडियम साइज के उबले हुए आलू
- 1 मीडियम साइज का प्याज
- 2 मीडियम साइज के ककड़ी या खीरा
- थोड़ा सा बारीक कटा हुआ अदरक
- 2 से 3 बड़े चम्मच काला तिल
- नमक स्वाद अनुसार
- नींबू का रस
- तेल
- चिल्ली फ्लेक्स
- हरी मिर्च
- धनिया.
विधि-
- सबसे पहले एक बड़े मिक्सिंग बाउल में नमक के साथ उबला हुआ काला चना ले लीजिए.
- अब इसमें बड़े टुकड़ों में कटे हुए उबले आलू डाल दें.
- इसके बाद इसमें कटे हुए प्याज, खीरे के टुकड़े, अदरक और ढेर सारा हरा धनिया मिला दें.
- अब एक पैन में 2-3 चम्मच काला तिल सूखा भून लें, जब यह ठंडा हो जाए, तो इसे दरदरा पीस लें और इसे बाउल में मौजूद चना-आलू के मिश्रण में मिला दें.
- साथ में अपने स्वाद के हिसाब से नमक भी डाल लें.
- अब एक छोटे पैन में 2-3 चम्मच तेल गरम करें. तेल गर्म होने पर उसमें 1 चम्मच चिल्ली फ्लेक्स, 3-4 कटी हुई हरी मिर्च और थोड़ा सा हरा धनिया डालें.
- इस कड़कती हुई खुशबूदार तड़के को तुरंत उस चटनी के ऊपर डाल दें.
- आखिर में इसके ऊपर एक पूरे नींबू का रस निचोड़ दें. अब सभी चीजों को बहुत अच्छे से मिला लें.
- आपकी चटपटी और हेल्दी नेपाली चटनी बनकर बिल्कुल तैयार है. इसे आप गर्मागर्म दाल-चावल के साथ खाएं या फिर पूड़ी और पराठों के साथ सर्व करें.
ये भी पढ़ें- पानी वाली रोटी कैसे बनाएं? जानें इस पारंपरिक रोटी को बनाने का तरीका और खाने के फायदे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं