सर्दियों के मौसम में ठंडी और रूखी हवा चलती है. इसका असर सिर्फ हमारी सेहत पर ही नहीं, बल्कि स्किन पर भी दिखाई देने लगता है. सर्दियों में स्किन की चमक कम होने लगती है और दिनभर डल दिखाई देती है. हालांकि, स्किन के लिए बहुत से लोग कई तरह के ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन स्किन को हेल्दी रखने के लिए सिर्फ केयर पर ध्यान देना काफी नहीं है, बल्कि खानपान में कुछ चीजों शामिल करना भी जरूरी है. अगर आप भी सर्दियों में अपनी सेहत के साथ स्किन का ध्यान रखना चाहते हैं तो सहजन यानी मोरिंगा की पत्तियों से बना सूप आपके लिए बहुत अच्छा और असरदार साबित हो सकता है.
दरअसल, मोरिंगा की पत्तियां कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं. इनमें विटामिन, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर को पोषण देने के साथ-साथ हेल्थ के लिए भी अच्छी होती है. सर्दियों में डिनर से पहले एक कटोरी मोरिंगा सूप पीना शुरू कर दें. चलिए आपको बताते हैं मोरिंगा सूप कैसे बनाएं. सहजन का सूप बनाने के लिए चीजों की जरूरत होगी.
मोरिंगा सूप बनाने के लिए जरूरी चीजें
- सहजन यानी मोरिंगा की पत्तियां- 1 कप
- लहसुन- 4 से 5 कलियां
- अदरक- 1 छोटा टुकड़ा
- प्याज या गाजर- 1 छोटा
- काली मिर्च पाउडर- आधा छोटा चम्मच
- मक्खन या देसी घी- 1 छोटा चम्मच
- कॉर्नफ्लार या ओट्स पाउडर- 1 चम्मच
- नमक और काला नमक- स्वादानुसार
- पानी- 2 गिलास
मोरिंगा सूप कैसे बनाएं
सबसे पहले सहजन यानी मोरिंगा की पत्तियों को अच्छी तरह पानी से धो लें. अब एक पैन में दो गिलास पानी डालें. इसमें मोरिंगा की पत्तियां, बारीक कटा प्याज, गाजर, अदरक और लहसुन डालकर करीब 10 मिनट तक पकाएं. जब पत्तियां और सब्जियां मुलायम हो जाएं, तो गैस बंद कर दें. अब इसे कुछ देर ठंडा होने दें. इसके बाद इसे मिक्सर में डालकर अच्छी तरह ब्लेंड करें. अब तैयार प्यूरी को बारीक छलनी से छान लें. इससे पत्तियों के मोटे रेशे अलग हो जाएंगे और आपको मुलायम सूप मिलेगा. एक पैन में मक्खन या देसी घी गर्म करें. इसमें तैयार मोरिंगा प्यूरी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अगर आपको गाढ़ा सूप पसंद है, तो थोड़े पानी में कॉर्नफ्लार या ओट्स पाउडर मिलाकर इसका घोल तैयार करें और सूप में डाल दें. अब इसमें काली मिर्च, नमक और थोड़ा काला नमक डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर कुछ मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. जब सूप में हल्का उबाल आ जाए, तो गैस बंद कर दें.
स्किन के लिए फायदेमंद
सहजन की पत्तियों में विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो शरीर को जरूरी पोषण देने का काम करते हैं. ये खून को साफ करके गालों पर नेचुरल ग्लो और लाली लाने में मदद करते हैं. इसके साथ ही मोरिंगा का सेवन भी सेहत के लिए अच्छा होता है.
यह भी पढ़ें:- घर पर चुकंदर से ब्लश कैसे बनाएं? गुलाबी और फ्रेश गालों के लिए चुकंदर का ब्लश बनाने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- आंखों के नीचे ढीली स्किन कैसे टाइट करें, धंसी हुई आंखों को ठीक करने का आसान तरीका, डॉक्टर से जानिए
यह भी पढ़ें:- सर्दियों में धनिया के पौधों की देखभाल कैसे करें? ठंड के मौसम में धनिया के पौधे को हेल्दी रखने का आसान तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं