खाने के साथ अगर चटपटी चटनी मिल जाए तो स्वाद दोगुना हो जाता है. अब, आमतौर पर लोग धनिया, पुदीना, टमाटर या इमली की चटनी खाना पसंद करते हैं, लेकिन क्या आपने कभी अमरूद की चटनी खाई है? अगर नहीं, तो यहां हम आपको स्वाद में लाजवाब इसी चटनी की रेसिपी बता रहे हैं. ये खास रेसिपी मशहूर शेफ और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मेघना कामदार ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर की है. उनकी बताई इस रेसिपी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और इसके लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत भी नहीं पड़ेगी. तो आइए जानते हैं अमरूद की चटनी बनाने का आसान तरीका-
चाहिए होंगी ये चीजें-
इस स्वादिष्ट चटनी को बनाने के लिए आपको-
- 1 मीडियम साइज का अमरूद
- 2-3 हरी मिर्च (स्वादानुसार)
- अदरक का एक छोटा टुकड़ा
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- स्वादानुसार काला नमक
- स्वादानुसार साधारण नमक
- 1 गुच्छा ताजा हरा धनिया
- 1 नींबू का रस
- गुड़ का एक छोटा टुकड़ा और
- थोड़े से पानी की जरूरत होगी.
- सबसे पहले एक अमरूद लें और उसे अच्छी तरह धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. ध्यान रखें कि अमरूद न तो ज्यादा पका हुआ हो और न ही पूरी तरह कच्चा. आधा पका और आधा कच्चा अमरूद इस चटनी के लिए सबसे अच्छा रहता है.
- अब, मिक्सर जार में कटे हुए अमरूद के साथ हरी मिर्च, अदरक, जीरा, काला नमक और साधारण नमक डालें. अगर आपको लहसुन पसंद है तो इसकी एक-दो कलियां भी डाल सकते हैं. अब, मिक्सर को पल्स मोड पर चलाकर सभी चीजों को दरदरा पीस लें.
- जब अमरूद अच्छी तरह दरदरा पिस जाए, तब जार में ताजा हरा धनिया डालें. इसके बाद एक नींबू का रस और गुड़ का छोटा टुकड़ा भी ऊपर से डाल दें.
- इसके बाद जार में थोड़ा सा पानी डालकर सभी चीजों को एक बार और पीस लें. ध्यान रखें कि इस बार भी आपको चटनी को बिल्कुल बारीक नहीं पीसना है. इसे हल्का दरदरा ही पीसें. इतना करते ही आपकी स्वाद में लाजवाब अमरूद की चटनी बनकर तैयार हो जाएगी.
इस चटनी को आप गरमा-गरम रोटी, पराठे और चावल के साथ खा सकते हैं. इसके अलावा समोसे, पकौड़े और दूसरे स्नैक्स के साथ इसे डिप की तरह भी परोस सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- बिना टूटे एक ही बार में बन जाएगी मक्के की रोटी, मास्टरशेफ ने बताया मक्के की रोटी बनाने का सबसे आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं